पूर्ण शराबबंदी ! वैशाली के दीवानटोक गांव से 1230 कार्टुन अंग्रेजी शराब बरामद
हाजीपुर (वैशाली) : शराब पाबन्दी के बाद वैशाली अवैध शराब कारोबारी सुर्खियों में रहा है। विदित हो कि वैशाली जिला औद्योगिक थाना की पुलिस ने एसपी के विशेष निर्देश पर गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के दिवानटोक गांव में छापेमारी कर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। बरामद शराब की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। शराबबंदी के बाद किसी गांव से इतनी भारी मात्रा में शराब की बरामदगी पहली बार हुई है। हालांकि इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। सभी कारोबारी रात के अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकलने में सफल रहे। इस मामले में एफआइआर दर्ज कर कारोबारियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।
मिली जानकारी के अनुसार एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो के निर्देश पर औद्योगिक थाना की पुलिस ने रविवार की रात गंगाब्रिज थाना क्षेत्र के दीवानटोक गांव में शराब माफियाओं के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। इस विशेष अभियान के दौरान गंगाब्रिज थाना की पुलिस को अलग रखा गया था तथा इसकी भनक तक गंगाब्रिज थाने की पुलिस को नहीं लगने दी। औद्योगिक थाना की पुलिस कई घंटे तक गांव में छापेमारी अभियान चलाती रही। दीवानटोक गांव में चलाये गए इस विशेष अभियान में पुलिस ने तीन घरों से 1230 कार्टन विदेशी शराब बरामद की। हालांकि पुलिस की भनक लग जाने के कारण इसके कारोबारी भाग निकलने में सफल रहे। पुलिस की यह अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है। जब्त की गई शराब को 11 ट्रैक्टरों पर लाद कर औद्योगिक थाना पर लाया गया।