
तरैया(सारण)। प्रखंड के बेनीपुरी नगर स्थित वाईडीबीएस कॉलेज परिसर में चल रहे भाजपा के दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन पार्टी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण शिविर के प्रदेश प्रभारी मृत्युंजय झा ने प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित कार्यकर्ताओं को प्रबोधन किया। इस दौरान प्रभारी मृत्युंजय झा, स्थानीय विधायक सह बिहार विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक जनक सिंह, मंडल भाजपा अध्यक्ष रामाधार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विधायक श्री सिंह की अध्यक्षता में चले पांचवें सत्र में प्रदेश प्रशिक्षण प्रभारी श्री झा द्वारा पार्टी के सैद्धांतिक अधिष्ठान का विषय रखा गया। प्रशिक्षण वर्ग में उपस्थित प्रशिक्षुओं को सैद्धांतिक अधिष्ठान के विषय बताते हुए श्री झा ने कहा कि हमारी पार्टी का अधिष्ठान कोई व्यक्ति या नेता विशेष नहीं है, ना ही जाति एवं मजहब है, हमारा अधिष्ठान सिद्धांत में है और हमारे सिद्धांत की अभिव्यक्ति भारत माता की जय उद्घोष से होती है। यही उद्घोष हमारे सिद्धांत का बीजभूत आधार है इसलिए हमको और हमारी पार्टी को राष्ट्रवादी कहा जाता है। आगे उन्होंने कहा कि पंचनिष्ठा के सैद्धांतिक आधार पर ही भाजपा का निर्माण हुआ है और समय के साथ यह महसूस किया गया कि भारतीय संस्कृति की मूलनिष्ठा को व्यक्त करने वाला समग्र विचार जो भारतीय जनसंघ ने 1965 में विजयवाड़ा में एकात्ममानववाद के रूप में स्वीकार किया था और पुनः भाजपा ने 1985 की राष्ट्रीय परिषद में एकात्ममानववाद को अपना मूलभूत दर्शन के रूप में स्वीकार किया। छठे सत्र में सोशल मीडिया के महत्व तथा सातवें और अंतिम सत्र में अधिवक्ता मनोज कुमार की अध्यक्षता में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष सह सिवान जिला प्रभारी रंजीत कुमार सिंह ने 2014 के बाद भारत की राजनीति में बदलाव और भाजपा एवं हमारा दायित्व विषय को रखा। सात सत्रों में चले दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन से पूर्व प्रशिक्षण शिविर में सम्मिलित हुए सभी पार्टी पदाधिकारियों को अंग-वस्त्र से सम्मानित किया गया। मौके पर प्रशिक्षण शिविर के तरैया मंडल प्रभारी सह पार्टी के किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष हरेंद्र सिंह, महामंत्री योगेंद्र सिंह कुशवाहा, कुमार संजीव रंजन उर्फ राजा सिंह, बीरबली सिंह पटेल, उपेंद्र सिंह सरपंच, सुरेश सिंह, कौशल किशोर सिंह, कुमुद रंजन समेत सैकड़ों लोग उपस्थित थे।




Recent Comments