पानापुर (सारण)। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने में पंचायत प्रतिनिधि भी प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। पूर्व जिलापार्षद प्रतिनिधि डॉ. अभिषेक रंजन सिंह उर्फ मुनचुन सिंह, प्रमुख प्रतिनिधि शैलेंद्र सिंह उर्फ लोटा सिंह, पूर्व मुखिया सुनील सिंह सहित अन्य लोगों ने करचोलिया, चिंतामनपुर, चकिया आदि गांवों में राहत सामग्री वितरण में प्रशासन की मदद की।
वहीं बसहिया पंचायत के मुखिया अमरेंद्र कुमार सिंह ने बसतपुर, सलेमपुर और फतेहपुर में तिरपाल व राहत सामग्री पहुंचाई। पंचायत प्रतिनिधि ट्रैक्टर और नाव के माध्यम से दुर्गम इलाकों में फंसे लोगों की सहायता कर रहे हैं।

इधर, बसतपुर गांव में तेज कटाव से कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है। रामशंकर महतो के घर के नीचे सुरंगनुमा कटाव से फर्श धंस गया है, जबकि सुरेंद्र महतो व वकील महतो का दो मंजिला मकान भी कटाव की चपेट में है। मुखिया ने बताया कि मकानों को बचाने के लिए प्रयास जारी हैं।