
अज्ञात वाहन ने बाइक सवार निजी फाइनेंस कंपनी के फील्ड स्टाफ को मारी जोरदार टक्कर, मौके तोड़ा दम
एकमा/सारण। एकमा थाना क्षेत्र में छपरा-सीवान नेशनल हाईवे 531 पर एकमा मौज बाबा के मठिया के समीप एक निजी फाइनेंस कंपनी के बाइक सवार फील्ड स्टॉफ को विपरीत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दिया। बताया गया है कि टक्कर इतनी जबरदस्त रही कि फाइनेंस कंपनी के कर्मी की मौत घटनास्थल स्थल पर ही हो गई। वहीं टक्कर मारने के बाद वाहन चालक अपने वाहन सहित फरार हो गया। सड़क दुर्घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची एकमा थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल भेज दिया।
बताया गया है कि मृतक के पास से बरामद आधार कार्ड व परिचय पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त सीतामढ़ी जिले के डुमरा हनुमान नगर वार्ड -3 पकटोला निवासी रामनारायण राय के पुत्र सौखी कुमार (23) के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह एकमा बाजार के परसागढ़ रोड में संचालित चैतन्य इंडिया फील्ड क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड की एकमा शाखा में फील्ड स्टॉफ के रूप में तैनात था। शाखा प्रबंधक मुन्ना कुमार ने बताया कि सौखी कुमार ने एकमा शाखा में बीते माह 9 जनवरी को योगदान किया था। बताया गया है कि इसके पहले उसने उत्कर्ष फाइनेंस कंपनी में काम किया था। दुर्घटना के बाद उसके पास से उत्कर्ष फाइनेंस कंपनी का भी आई कार्ड बरामद हुआ था। जिसके चलते उसकी शिनाख्त कराने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं वारदात की जानकारी पाकर मृतक के फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर मुन्ना कुमार सहित अन्य स्टाफ और आसपास के राहगीरों व दुकानदारों की दुर्घटना स्थल पर भीड़ उमड़ पड़ी। ब्रांच मैनेजर ने बताया कि मृतक सौंखी का अन्य सहकर्मियों के साथ शाखा कार्यालय में ही स्थानीय निवास था।
बताया गया है कि सोमवार की सुबह सौखी अपनी बाइक से फील्ड वर्क के लिए निकला था। सुबह लगभग 11.00 बजे के बाद जब वह अपनी बाइक से मुख्य सड़क नेशनल हाईवे 531 पर रसूलपुर की तरफ से एकमा की तरफ आर रहा था। इसी दौरान छपरा की तरफ से सीवान की ओर जा रहे अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को सामने से रौंदा डाला। जिससे उसकी दुर्घटना स्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शिनाख्त कराने के लिए निजी फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर मुन्ना कुमार और उसके भाई ललन से मोबाइल पर संपर्क साध कर मृतक की शिनाख्त की है। वहीं पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज कर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है।




Recent Comments