तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के तरैया-अमनौर एसएच-104 मुख्य सड़क पर गतरात्रि मुरलीपुर नट बस्ती के समीप अनियंत्रित बस की ठोकर से एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक मुरलीपुर गांव स्थित नट बस्ती के बुधु नट बताया जाता है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने तरैया-अमनौर एसएच-104 मुख्य सड़क को जाम कर बस व चालक को पकड़ने का प्रयास करने लगे तथा मुआवजे की मांग करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही तरैया थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह घटनास्थल पर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आक्रोशितों को समझाने बुझाने का प्रयास करने लगे। थानाध्यक्ष व पैक्स अध्यक्ष प्रत्युष प्रकाश उर्फ राहुल सिंह, पूर्व मुखिया प्रतिनिधि मो. आजाद उर्फ टनटन, सरपंच प्रतिनिधि सुदीश कुमार समेत अन्य ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आक्रोशितों को समझा-बुझाकर घंटों बाद जाम हटाया गया। जिसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजा। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के घर में शादी समारोह थी। शादी समारोह में किसी काम से बुधु नट जैसे ही सड़क पर पहुंचा कि एक अनियंत्रित बस के चालक ने उन्हें ठोकर मार दी और फरार हो गया। इधर पुलिस मामले में आगें की जांच और कार्रवाई में जुट गई हैं।




Recent Comments