पानी की तेज धारा में बहे दो लोगो को एनडीआरएफ ने बचाया

पानापुर(सारण) पानापुर में बाढ़ ने अपना रौद्र रूप दिखाना शुरू कर दिया है ।गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थानांतर्गत फैजुल्लाहपुर में सारण तटबंध टूट जाने के बाद गंडक नदी का पानी शनिवार की देर शाम ही पानापुर में प्रवेश करना शुरू कर दिया था जो रविवार की दोपहर तक प्रखंड के बेलौर ,सतजोड़ा एवं टोटहा जगतपुर पंचायत को पूरी तरह अपनी आगोश में ले लिया ।बाढ़ का पानी धेनुकी ,बसहिया ,महम्मदपुर ,भोरहाॅ आदि पंचायतों की तरफ तेजी से फैल रहा है ।पानी की रफ्तार इतनी न तेज है कि रविवार की देर शाम तक प्रखंड के अधिकांश क्षेत्र जलमग्न हो जाएंगे ।इस बीच बाढ़ से अपनी जानमाल की सुरक्षा के लिए लोग विभिन्न विद्यालयों एवं ऊंचे स्थानों पर शरण लिए है लेकिन उनके लिए भोजन एवं मवेशियों के लिए चारे की समस्या उत्पन्न हो गयी है। प्रशासनिक स्तर पर बाढ़ पीड़ितों के लिए आधे दर्जन नावों की व्यवस्था की गयी है जो नाकाफी है ।सीओ रणधीर प्रसाद ने बताया कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में राहत शिविर जल्द शुरू कराया जाएगा ।पानी की धारा में बहे दो लोगो को एनडीआरएफ की टीम ने बचाया ।बाढ़ की तेज धारा में डूब रहे सेमराहा गांव निवासी 35 वर्षीय अमरजीत राम एवं मुरलीमठ निवासी मजिस्टर राम के 10 वर्षीय पुत्र अंशु राज को एनडीआरएफ बिहटा की टीम ने बचा लिया । वही बेलौर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अवधेश सिंह की सूचना पर एनडीआरएफ की टीम ने मुरलीमठ गांव के करकटनुमा घर पर शरण लिए दर्जनो लोगो को रेस्क्यू कर सुरक्षित जगहों पर पहुँचाया।




Recent Comments