
नवादा – स्कूल में बच्चों के बीच नि:शुल्क स्कूली बैग का किया गया वितरण
रिपोर्ट – सन्नी भगत / दिनेश कुमार :
नवादा – रजौली पूर्वी पंचायत के उत्क्रमित मध्य विद्यालय नीमाटांड़ के बच्चों के बीच सैनिक इंडस्ट्रीज व महदेवा इनक्लेव प्राइवेट लिमिटेड कंपनी पत्थरलीज धारकों के द्वारा निशुल्क बैग का वितरण किया गया।कंपनी के प्रबंधक वृजेन्द्र सिंह व कांत सिंह के नेतृत्व में बच्चों के बीच स्कूली बैग का वितरण किया गया।बैग वितरण के मौके पर पूर्वी पंचायत के मुखिया सुरेश साव कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।जिनके समक्ष स्कूल के 250 बच्चों के बीच स्कूल बैगों का वितरण किया गया। स्कूल बैग पाकर बालक – बालिकाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। स्कूल के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने कहा कि हाल में ही बच्चों को पुस्तक की राशि प्राप्त हुई थी। जिसके कारण बच्चे हाथों में किताब लेकर स्कूल आते थे। पत्थरलीज कंपनी के द्वारा निशुल्क बैग दिए जाने से अब बच्चे किताब बैग में लेकर स्कूल आएंगे।बच्चों को बैग मिलने की खुशी उनके चेहरे से साफ झलक रही थी।
कंपनी के प्रबंधक वृजेन्द्र सिंह व कांत सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि समाज में व्याप्त आर्थिक विषमता को एक दूसरे के सहयोग से ही दूर किया जा सकता है। समाज के आर्थिक रूप से सक्षम लोगों को चाहिए कि वे सामाजिक सरोकारों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएं।आज के बच्चे ही कल के नेता, अधिकारी और कारोबारी हैं।इनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत रहना होगा।
पूर्वी पंचायत के मुखिया ने कहा कि सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों के लिए सरकार ढेर सारी कल्याण कारी योजनाएं चला रही है। अभिभावकों को चाहिए कि वह अपने बच्चों नियमित रूप से स्कूल भेजें, जिससे सभी बच्चे देश व समाज के लिए अग्रणी भूमिका निभा सके।उन्होंने कहा कि इन कंपनियों के आने से यहां के आसपास के लोगों को काफी सहयोग मिलता रहता है। इनके द्वारा पौधरोपण, निःशुल्क चिकित्सा शिविर, बच्चों के बीच बैग के अलावे कई तरह का सहयोगात्मक कार्यक्रम चलाया जाता है।मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक के साथ शिक्षक सुरेश चौधरी, सच्चिदानंद प्रसाद, मंजू, अंजू, तारा एवं सुलेखा आदि शिक्षिकाएं तथा पत्थरलीज धारक के कर्मचारी चंद्रभान, मंगटु राम, कुंदन, शानू के साथ अन्य सहयोगी उपस्थित थे।




Recent Comments