नवादा : मतगणना के दिन नगर क्षेत्र में लागू रहेगी निषेधाज्ञा, जुलूस व नारेबाजी पर रोक

रिपोर्ट – सन्नी भगत/नवादा :: 23 मई को शांतिपूर्ण मतगणना कार्य को लेकर जिला प्रशासन की ओर से हर तरह की तैयारी की गई है।

जिलाधिकारी कौशल कुमार ने मतगणना के दिन किसी भी दल या संगठन द्वारा किसी भी तरह का जुलूस, नारेबाजी, विजय जुलूस आदि पर पूरी तरह से रोक लगा दी है ।

ताकि विधि व्यवस्था पूरी तरह से जिले में बनी रहे। इस बाबत दोनों अनुमंडल के एसडीओ व सभी एसडीपीओ को निर्देश भी जारी किया गया है। पुलिस बल को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी चौकसी के साथ गश्ती करने को कहा गया है ।

इस बीच मतगणना को लेकर भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नवादा जिले में मतगणना प्रेक्षक के रूप में डी. मुरलीधर रेड्डी की प्रतिनियुक्ति की गयी है।नवादा विधान सभा क्षेत्र की उपचुनाव की मतगणना कार्य को प्रेक्षक रॉविन्सन मोचाहारी को प्रतिनियुक्त किया गया है। मतगणना का काम केएलएस कॉलेज में सुबह में 8 बजे से शुरू होगा।

मतगणना केन्द्र में नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की गयी है। जिसका दूरभाष संख्या 06324-297022 है। नियंत्रण कक्ष 5:30 बजे प्रात: से ही काम करने लगेगा। इसके प्रभार में विजय कुमार तिवारी जिला कल्याण पदाधिकारी व अशोक कुमार सहायक परियोजना पदाधिकारी रहेंगे। मतगणना की तिथि को मतगणना केन्द्र की 500 मीटर की परिधि में समेत समूचे नवादा नगर परिषद में सुबह 6 बजे से मतगणना की समाप्ति की घोषणा होने तक धारा 144 लगाई गई है।

डीएम ने पेट्रोलिग पार्टी को विधि-व्यवस्था संधारित करने एवं शांति व्यवस्था बनाये रखने के लिए सघन गश्ती करने को कहा है।