नवादा के सांसद के खिलाफ पूर्व मंत्री ने खोला मोर्चा, बताया ‘विदेशी’

▶रिपोर्ट / सन्नी भगत/नवादा :
पटना / नवादा : 2019 में लोकसभा का चुनाव होना है, लेकिन चुनाव से ठीक पहले जन प्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा बंदी दिखने लगी है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ भी एक पूर्व मंत्री ने मोर्चा खोल दिया है । सांसद के लोकसभा क्षेत्र नवादा से लेकर राजधानी पटना तक पोस्टर लगा दी गई है की ” जनता उन्हें तलाश रही है” ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में गिरिराज सिंह सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग विभाग के राज्य मंत्री हैं। गिरिराज सिंह बीजेपी के फायर ब्रांड नेता माने जाते हैं, लेकिन पूर्व मंत्री के अनुसार नवादा की जनता उन्हें अपने से दूर मान रही है। लिहाजा गिरिराज सिंह के प्रति नवादा की जनता में खासी नाराजगी है।
नाराजगी का आलम यह है कि अपने सांसद को तलाश करने में जुटी वहां की जनता ने नवादा से लेकर पटना तक पोस्टर लगा दिए हैं। पोस्टरों के माध्यम से गिरिराज सिंह को ढूंढने का आह्वान किया गया है।
पूर्व शिक्षा मंत्री केवी प्रसाद ने नवादा से लेकर राजधानी पटना तक पोस्टर लगाए हैं। पोस्टर में विदेशी सांसद को भगाने का आह्वान किया गया है। पोस्टर में लिखा गया है, ‘विदेशी सांसद को भगाओ और प्रगति के साथ प्रतिष्ठा पाओ’၊
मंत्री गिरिराज सिंह की ओर से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है लेकिन उनके समर्थकों का कहना है की ये विरोधियों की एक बदनाम करने की चाल है । जिसे जनता जानती भी है । हालांकि पहले भी उन पर आरोप लगे हैं कि वे क्षेत्र में कम आते हैं। विकास कार्यों को लेकर भी विरोधी सवाल उठाते रहे हैं।