सारण/अमनौर।प्रखंड के विभिन्न पंचायत़ों में नलजल योजना कार्य अभीतक पूरा नहीं होने तथा कार्य में लापरवाही बरतने की शिकायत पर  डीआरडीए,सारण के निदेशक जनार्दन प्रसाद अग्रवाल तथा बीडीओ विभु विवेक ने विभिन्न कार्य स्थल का मुआयना किया. बुधवार को  मनोरपुर झखड़ी, अपहर तथा कटसा पंचायत में चल रहे नलजल योजना कार्य का जायजा लेने के दौरान कार्य अधुरा पाया. वहीं स्थानीय ग्रामीणों ने भी अधिकारियों से नलजल कार्य में अनियमितता की शिकायत किया. मौके पर अधिकारियों ने पाया कि कहीं नल में टोटा नहीं लगे थे तो कहीं कई घरो में नल का पाइप नहीं पहुंचा था. कहीं नल का कनेक्शन खेतों में थे तो कहीं बथानी में जिसे देख अधिकारी भड़क गए. कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं किये जायेंगे. डीआरडीए के निदेशक जनार्दन प्रसाद अग्रवाल ने मौके पर मौजूद वार्ड सदस्य व कार्य कर रहे एजेंसी को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि एक सप्ताह के अंदर नियमावली के अनुसार कार्य को पूर्ण करें. अन्यथा उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी.  उन्होंने कहा कि शुद्ध पेयजल घरो के लिए है न कि खेतों के पटवन के लिए है. उन्होंने खेतो में लगे कनेक्शन को हटाने का दिशानिर्देश दिया.