गन्ना आपूर्ति में किसानों की सुविधा हेतु चलेंगे 24 तौल केंद्र

हसनपुर चीनी मिल में तीन दिसंबर से शुरू होगी गन्नाा पेराई: कार्यपालक अध्यक्ष

समस्तीपुर। समस्तीपुर जिले के हसनपुर स्थित मगध सुगर एंड एनर्जी लिमिटेड की इकाई हसनपुर चीनी मिल में नये गन्ना पेराई सत्र 2022-23 का शुभारंभ शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चारण व हवन-पूजन के बीच आगामी तीन दिसंबर से होगी। इसको लेकर सभी आवश्यक तैयारियां तेज हो गई है।
इसकी जानकारी देते हुए हसनपुर चीनी मिल इकाई के कार्यपालक अध्यक्ष आर. के. तिवारी ने एक विशेष भेंटवार्ता में बताया कि आगामी 3 दिसंबर को जिला प्रशासन के निर्देशन में प्रशासनिक सहित मिल अधिकारियों, जन प्रतिनिधियों के अलावा गणमान्य व्यक्तियों के द्वारा चीनी मिल के डोंगा/केन कैरियर में गन्ना डाल कर पेराई सत्र का शुभारंभ किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि नए गन्ना पेराई सत्र में इस चीनी मिल में 65 हजार क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिसे किसानों के सहयोग से पूरा किया जाएगा। मगध सुगर एंड एनर्जी लिमिटेड हसनपुर इकाई के यूनिट हेड श्री तिवारी ने बताया कि क्षेत्र में 44000 एकड़ गन्ना उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि किसानों की सुविधा हेतु चीनी मिल में गन्ने की आपूर्ति हेतु चीनी मिल गेट के अलावा 24 तौल केंद्र चलाए जाएंगे।
श्री तिवारी ने नए गन्ना पेराई सत्र के दौरान किसानों से साफ-सुथरा, अगोला रहित व ताजे गन्ने की आपूर्ति कर चीनी मिल को सहयोग करने की अपील की है।