दो दर्जन से अधिक मामलों में पुलिस कर रही थी तलाश,मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोनौली से हुई गिरफ्तारी

बेतिया : नगर पुलिस ने छापेमारी कर शराब धंधे के माफिया मनोज राय व उसके सार्गिद अंजित राय को गिरफ्तार कर ली है। मनोज मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गोनौली का रहने वाला है। जबकि अंजित मझौलिया थाना क्षेत्र के अरनहवा निवासी है। दोनों की गिरफ्तारी सोमवार की सुबह उनके घर से हुई। नगर थानाध्यक्ष श्रीराम सिंह ने बताया कि मनोज के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में शराब से जुड़े करीब दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज है। उसके खिलाफ जिले के बाहर भी कई मामले दर्ज है। पुलिस लंबे अर्से से मनोज की तलाश कर रही थी। बता दे कि विगत छह फरवरी को बस स्टैंड से एक बस से 196 कॉर्टन शराब जब्ती के मामले में भी पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली कि मनोज अपने घर में है। सूचना के आलोक में वहां छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया। इधर एसपी जयंतकांत ने बताया कि जिले में शराब से जुड़े अधिकतर बड़े मामले में मनोज का किसी ना किसी रूप में कनेक्शन रहा है। वह लंबे अर्से से फरार चल रहा था। एसपी ने बताया कि बेतिया के अलावे पटना सहित कई इलाकों में उसके खिलाफ शराब से जुड़े मामले दर्ज है। वह जिला में शराब का एक बड़ा रैकेट चला रहा था।