◆घटना की सूचना पर पहुंचे विधायक और मुखिया ने मृत परिवार के परिजनों को दी सांत्वना


परवेज अख्तर/सिवान : लकड़ी नबीगंज ओपी थाना क्षेत्र के पड़ौली साह टोला गांव में सिपाही तिवारी के दरवाजे पर मजदूर प्लास्टर का काम कर रहे थे. इसी क्रम में करकट वाला मुन्ना दलाल का दीवाल अचानक पूरी तरह से गिर गया जिसमें पडौली गांव के सरयुग राम के पुत्र छबीला राम के शरीर पर दिवार गिरने से दबकर घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं दूसरी तरफ तीन अन्य मजदूर रामचंद्र राम, अजय राम, विजय राम आंशिक रूप से घायल हो गए और किसी तरह भागकर बच निकले.
उक्त घटना के बाद अफरातफरी एवं कोहराम मच गया. देखते ही देखते लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. घटना की सूचना मिलते ही मुखिया संघ अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह उर्फ पप्पू सिंह, ओपी थानाध्यक्ष पन्ना लाल यादव, इंस्पेक्टर अरविंद साहा घटनास्थल पर पहुंच गए और रोते बिलखते परिजनों को घंटों समझाने बुझाने के बाद शांत कराया और शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान सदर भेज दिया. वही आंशिक रूप से घायल विजय राम अजय राम एवं रामचन्दर राम का इलाज नबीगंज सरकारी अस्पताल में चल रहा है. मृतक छबीला राम के रोती बिलखती बेटियां और पत्नी को मुखिया पप्पू सिंह ने सरकार से मिलने वाली सरकारी सहायता मुआवजा पारिवारिक लाभ योजना अंतर्गत बीस हजार रुपए एवं हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया.
मौके पर अंचलाधिकारी मिथिलेश कुमार सिंह, राजस्व कर्मचारी गिरीश तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता रमेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम राजन सिंह उर्फ टिंकू सिंह, रामकुमार सिंह, चंद्रिका सिंह, लाल बहादुर राम, चंद्रिका राम आदि ने भी रोते बिलखते परिजनों को एवं महादलित परिवार को हर संभव सरकार से मुआवजा एवं मदद दिलाने का भरोसा दिलाया. ज्ञात हो कि मृतक छबीला राम राजमिस्त्री के रूप में काम करता था जिसकी सात बेटियां हैं. संवाद प्रेषण तक एफआईआर की कार्रवाई नहीं हुई थी. घटना के बाद परौली सहटोला गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया है.