सारण, तरैया। बिहार में कोरोना संक्रमण के रोकथाम के लिए लगाए गए लॉकडाउन का असर अब दिखने लगा है। मंगलवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांव से रेफरल अस्पताल तरैया में जांच कराने आए दो सौ लोगों के कोविड-19 जांच में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। वहीं 197 लोगों का जांच रिपोर्ट निगेटिव आया। जानकारी देते हुए स्वास्थ्य प्रबंधक नवाब अख्तर जिलानी ने बताया कि मंगलवार को रेफरल अस्पताल में दो सौ लोगों का कोविड-19 का जांच एंटीजन किट से किया गया। जिसमें पचरौड़ गांव में एक, शितलपट्टी गांव में एक, एवं पीएनबी बैंक के एक कर्मी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इन सभी संक्रमित लोगों को आवश्यक दवाओं के साथ होम क्वॉरेंटाइन किया गया है।