दैनिक खोज खबर/नगरा, सारण खैरा थाना क्षेत्र के तकिया पंचायत के मुखिया सह भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता शैलेश कुमार को अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन कर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और मुखिया ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
मुखिया शैलेश कुमार ने बताया कि 22 जून 2026 को दोपहर करीब 3:38 बजे उनके मोबाइल पर 9717841211 नंबर से लगातार कई कॉल आए। कॉल रिसीव करने पर सामने से उन्हें अपशब्द कहे गए और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। इसके बाद एक अन्य मोबाइल नंबर 995511977 से भी फोन कर गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। लगातार मिल रही धमकियों से वे काफी भयभीत हो गए।
घटना के बाद शैलेश कुमार ने खैरा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और पुलिस से सुरक्षा की मांग की। उन्होंने आशंका जताई है कि धमकी देने वाले लोग उनके साथ किसी भी समय अप्रिय घटना को अंजाम दे सकते हैं। मुखिया ने पुलिस से मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करने की अपील की है।
इधर, खैरा थानाध्यक्ष अखिलेश पासवान ने बताया कि आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कॉल डिटेल और संबंधित नंबरों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
इस घटना से पंचायत क्षेत्र में भी हलचल है। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधि को धमकी दिए जाने की निंदा करते हुए प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।




Recent Comments