सिसवन (सिवान)। थाना क्षेत्र के सिसवन-सिवान मुख्य मार्ग पर घुरघाट गांव के यादव टोला के समीप शुक्रवार की सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्वजनों के रोने से माहौल गमगीन हो गया। मृतक की पहचान घुरघाट निवासी डोमर महतो के पुत्र धनेश कुमार महतो (30) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि धनेश कुमार महतो घर से किसी काम के लिए मुख्य सड़क की तरफ गया था। सड़क पार करते समय तेज गति से आ रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से घायल हो गया। इस घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़ कर मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों ने घटना थाना को दी तथा घायल धनेश को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सक द्वारा उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृत धनेश के भाई मुकेश महतो ने बताया कि घटना की सूचना थाना को दी गई। सूचना मिलते ही एसआइ कौशल कुमार दल बल के साथ पहुंचकर घटना की जानकारी ली तथा शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं पुलिस ट्रैक्टर को जब्त कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। इधर धनेश की मौत के बाद स्वजनों के रोने से माहौल गमगीन हो गया। धनेश की पत्नी ममिता देवी, मां हेवंती देवी समेत अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।