
तृतीय चरण, तृतीय सोपान, राज्य पुरस्कार एवं राष्ट्रपति पुरस्कार प्रशिक्षण पर विशेष फोकस
दैनिक खोज खबर/सोनपुर। ईस्ट सेंट्रल रेलवे, भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला संघ सोनपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय स्काउट- गाइड कार्यशाला में स्काउट, गाइड, कब एवं रोवर के प्रतिभागी पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रतिभागियों को स्काउटिंग के सिद्धांतों एवं व्यवहारिक कौशल से सशक्त बनाते हुए तृतीय चरण, तृतीय सोपान, राज्य पुरस्कार तथा राष्ट्रपति पुरस्कार जैसी प्रतिष्ठित उपलब्धियों के लिए तैयार करना है।जिसमे
विभिन्न इकाइयों से कार्यशाला में कुल 103 प्रतिभागी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं, जिनमें 85 प्रशिक्षार्थी तथा 18 यूनिट लीडर शामिल हैं।
प्रशिक्षण के अंतर्गत विभिन्न पुरस्कार वर्गों के लिए प्रतिभागियों को विशेष रूप से तैयार किया जा रहा है। इनमें तृतीय चरण (कब) के 12, तृतीय सोपान (स्काउट) के 16, राज्य पुरस्कार (स्काउट/गाइड) के 51 तथा राष्ट्रपति पुरस्कार के 6 प्रतिभागी सम्मिलित हैं।
कार्यशाला के दौरान ध्वज शिष्टाचार, स्काउटिंग की मूल भावना, गांठें एवं बंधन, प्राथमिक उपचार, पायनियरिंग, कैंप क्राफ्ट, मानचित्र अध्ययन, नेतृत्व विकास, सेवा कार्य, अनुशासन तथा पुरस्कार परीक्षाओं से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण का प्रत्येक सत्र प्रतिभागियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना विकसित करने पर केंद्रित है।
यह कार्यशाला जिला आयुक्त (स्काउट) एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी दिलीप पासवान के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित की जा रही है। कार्यशाला के सफल संचालन में जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) सुमीत कुमार सिंह, जिला सचिव मनीष ठाकुर तथा वर्कशॉप कैंप चीफ मनीष राज की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके साथ 18 यूनिट लीडर पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं निष्ठा के साथ प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
जिला संघ सोनपुर का यह प्रयास केवल पुरस्कार परीक्षाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य युवाओं में सेवा भावना, आत्मनिर्भरता, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन एवं राष्ट्रीय चरित्र का विकास करना भी है। कार्यशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को स्काउटिंग के आदर्श वाक्य “सदैव तैयार” को जीवन में अपनाते हुए समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
जिला संघ सोनपुर को विश्वास है कि यह कार्यशाला प्रतिभागियों के व्यक्तित्व विकास की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी तथा भविष्य में उन्हें उत्कृष्ट स्काउट, गाइड, रोवर एवं जिम्मेदार नागरिक के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।




Recent Comments