• जिलाधिकारी राजेश मीणा के साथ बैठक में जिला के सभी वरीय अधिकारी होंगे शामील
• कार्यान्वित और स्वीकृत योजनाओं को द्रुत गति प्रदान करने के लिए सभी विभागों की बैठक
• जिला में कार्यान्वित और प्रस्तावित 18 हजार करोड़ की योजनओं पर चर्चा
• भूअर्जन एवं मुआवजा पर 12 जनवरी को हो चुकी है वर्चुअल बैठक, मंगलवार की बैठक का महत्वपूर्ण विषय

छपरा । कुछ दिनों पूर्व ही बिहार की 12 सड़क परियोजनाओं को केंद्र से मंजूरी मिली थी जिसमें से स्थानीय सांसद राजीव प्रताप रूडी के प्रयास से चार महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं सारण के लिए स्वीकृत है जिनमें रिविलगंज-विशुनपुरा, गरखा, परसा और अमनौर बाईपास शामिल है। इन परियोजनाओं और क्षेत्र में जारी अन्य सरकारी परियोजनाओं को पुरा करने के लिए काफी अधिक जमीन की आवश्यकता है जिसके लिए जमीन अधिग्रहण आवश्यक है। इस संदर्भ में सांसद ने एक बैठक आहूत की है जो मंगलवार को 01 बजे छपरा में होगी। सांसद रुडी और सारण जिलाधिकारी राजेश मीणा की इस बैठक में जिले के सभी वरीय अधिकारियों समेत जिले के सभी वरीय पदाधिकारियों को शामिल होने के लिए कहा गया है। इस संदर्भ में सांसद ने बताया कि रैयतों के जमीन अधिग्रहण करने में कई तरह की कानूनी और व्यावहारिक अड़चने आती है। इन अड़चनों को स्थानीय स्तर पर ही दूर किया जा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह बैठक रखी गई है जो रैयतों और सरकार के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का काम करेगा ताकि रैयतों का हित भी प्रभावित न हो और सरकारी परियोजनाएं भी समय पर पूरी हो सके। सांसद ने बताया कि चार महत्वपूर्ण बाईपास के साथ-साथ बाकरपुर – डुमरियाघाट ग्रीनफिल्ड परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण, मढ़ौरा चीनी मिल की भूमि का नापी कल्लू घाट से संबंधित भूमि अधिग्रहण, रिविलगंज बाइपास से संबंधित भूअर्जन, खनुआ नाला का निर्माण एवं अन्य स्थलों पर भूमि अतिक्रमण संबंधित विषयों पर चर्चा होगी और समस्याओं का निदान किया जायेगा। इस अतिरिक्त शेरपुर-दिघवारा 6 लेन पुल के भुगतान व भूमि अधिग्रहण, दिघा-सोनपुर रेल सह सड़क पुल के पहुंच पथ, छपरा-रेवा घाट-मुजफ्फरपुर रेल लाइन के लिए भूमि अधिग्रहण, गजिपुर-बलिया पथ पर रिविलगंज में बाईपास निर्माण हेतु भूमि अधिग्रहण, एनएच 19, पट्टी पुल-मानपुर-मनोहरपुर-शीतलपुर भूमि अधिग्रहण और आइओसीएल के लिए डीएचएस के निर्माण हेतु जिला भर में भूमि चिन्हित कर हस्तांतरित करने पर चर्चा होगी।बैठक में जिलाधिकारी राजेश मीणा के साथ उप विकास आयुक्त अमित कुमार, एडीएम डॉ गगन कुमार, सीई रेल, जीएम कार्यालय गोरखपुर, जिला भूअर्जन पदाधिकारी अनिल कुमार, आरओ एनएचएआई सदरे आलम, पीडी छपरा एनएचएआई मनोज कुमार, पीडी पटना एनएचएआई घनश्याम, एनएचएआई पीडी मुख्यालय पटना विभूति, आरओ एनएच प्रदीप लाल, सीओ गरखा, छपरा सदर, और दिघवारा समेत अन्य संबंधित परियोजनाओं के अधिकारी मौजूद रहेंगे।