लहलादपुर(सारण), 07 अगस्त 2024। जनता बाजार थाना की पुलिस ने जनता बाजार में एक रेस्टोरेंट में छापेमारी कर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर रेस्टोरेंट में छापेमारी किया। पुलिस ने रेस्टोरेंट के अलग अलग कमरों से दो युवकों को अलग अलग लड़कियों के साथ आपतिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया है। जिन युवकों को गिरफ्तार किया गया है उनमें सीवान जिले के महराजगंज थाना के पटेढ़ा गांव का एक युवक और सारण जिले के एकमा थाना के परसागढ़ का एक युवक है। पुलिस ने रेस्टोरेंट के मैनेजर को भी गिरफ्तार किया है। रेस्टोरेंट के कमरे से बरामद दोनों लड़कियों में से एक नाबालिग है। दोनों लड़कियां सीवान जिले की बतायी गयी है। लड़कियों ने पुलिस को बताया की उन्हें बहला फुसला कर जिस्म फरोशी के धंधे में धकेल दिया गया है। पुलिस ने मानवता का परिचय दिया व दोनों लड़कियों को सम्मानजनक तरीके से इस धंधे से मुक्त करा दिया। पुलिस ने मौके से तीन मोबाइल, कंडोम के पैकेट व अन्य आपतिजनक सामान को जब्त किया है। छापेमारी में एकमा एसडीपीओ राजकुमार, जनता बाजार थानाध्यक्ष निर्मला सुमन सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे। पुलिस ने थानाध्यक्ष के बयान पर पॉस्को एक्ट व वेश्यावृति की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस ने केस में रेस्टोरेंट संचालक, मैनेजर सहित चार लोगों को नामजद किया है। मौके से तीन लोग गिरफ्तार किये गये है जबकि रेस्टोरेंट का संचालक फरार है। पुलिस ने गिरफ्तार तीनों युवकों को छपरा कोर्ट में प्रस्तुत किया है। जानकार लोगों की माने तो दोनों लड़कियों का बयान दर्ज कर उनके परिजनों को सौंप दिया जायेगा।