
छपियां में क्षत्रियों ने लगाया चौपाल, गरीबी के आधार पर सवर्णों को भी आरक्षण देने की हुई वकालत
#रिपोर्ट-अज़हर करीम/इसुआपुर(सारण)। प्रखण्ड के छपियां गांव के ललन सिंह के आवास पर क्षत्रिय समुदाय के लोगों का चौपाल लगाया गया । जिसमें क्षत्रिय समुदाय से आने वाले सूबे के मंत्री समेत कई दिग्गज राजपूत नेताओं ने शिरकत की । वहीं प्रखण्ड समेत जिले के प्रबुद्ध क्षत्रियों ने भी भाग लिया । कार्यक्रम में उपस्थित लोगों द्वारा क्षत्रिय समाज के आर्थिक , सामाजिक व राजनीतिक स्थिति कमजोर होने पर चिन्ता व्यक्त की गई । चौपाल को संबोधित करते हुए बिहार सरकार के उद्योग व विज्ञान प्रौद्योगिकी मंत्री जयकुमार सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अगुआई में सूबे में समरस समाज की स्थापना हुई है । सूबे में चहुंमुखी विकास हो रहा है । बिहार अब नव बिहार के रूप में स्थापित हुआ है ।उन्होंने कहा कि एससी-एसटी कानून दलितों की सुरक्षा के लिए बना है । यह सवर्णों के विरुद्ध नहीं है। साथ ही कहा कि सीएम नीतीश कुमार सवर्णों की समस्याओं के प्रति भी चिंतित हैं । उन्हीं के निर्देश पर क्षत्रिय समाज का सरकार के प्रति फीडबैक लेने के उदेश्य से बिहार के सभी 38 जिलों में यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है । केसरिया के पूर्व विधायक महेश्वर सिंह ने समाज में फैले आपसी बैमनस्य को समाप्त करने पर बल दिया । उन्होंने कहा कि संविधान संवत एससी-एसटी एक्ट का विरोध न करके सवर्णों को अपने हर की लड़ाई ल़ड़नी चाहिए । उन्होंने बिहार की तरह केन्द्र में भी सवर्ण आयोग गठित करने की आवश्यता पर बल दिया । बैकुंठपुर के पूर्व विधायक मंजीत सिंह ने भी एससी-एसटी एक्ट को सवर्णों के लिए मुद्दा विहीन बिषय बताया । साथ ही कहा कि यह सच है कि आजादी के 70 साल बाद सवर्णों की स्थिति व परिस्थिति में काफी बदलाव आया है।अब समय आ गया है कि इस बिषय पर आयोग गठित कर सवर्णों की स्थिति का सर्वे कराया जाय । अगर वे आर्थिक, सामाजिक,शैक्षणिक व राजनीतिक स्थिति में नीचे पहुंच चुके हैं तो उन्हें भी आरक्षण के दायरे में लाना चाहिए ।सीतामढ़ी के जदयू के जिलाध्यक्ष राणा रंधीर सिंह चौहान गरीबी के आधार पर सवर्णों को भी आरक्षण देने की वकालत की । उन्होंने कहा कि हमारे क्षत्रिय पूर्वजों ने देश व समाज की रक्षा के लिए लड़ाई ल़ड़ी व अन्य अपनी अपनी कुर्बानी दी है । वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जदयू के वरीय नेता शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि हमें सरकार के प्रति साकारात्मक सोंच रखनी चाहिए । सीएम के रूप में नीतीश कुमार के विचार और कार्य करने में संकीर्णता नहीं है । साथ ही कहा कि हमारे धर्मग्रंथ तथा इतिहास गवाह हैं कि चाहे देवी-देवता के रूप में या देशभक्त के रूप में क्षत्रिय समुदाय के लोगों ने सामाजिक न्याय की लड़ाई ल़ड़ी है । देश व समाज की रक्षा के लिए अपना शीर्ष योगदान दिया है । कार्यक्रम के पूर्व आगत अतिथियों को पगड़ी देकर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम का संचालन प्रखण्ड अध्यक्ष छबीनाथ सिंह तथा रामाधार सिंह ने किया ।




Recent Comments