
चमोली त्रासदी के मृतक मुन्ना सिंह के परिजनों से मिलकर सांसद सिग्रीवाल ने पीड़ित परिजनों को दी सांत्वना, संभव मदद का दिलाया भरोसा
आपदा प्रबंधन के अधिकारियों से बात कर शीघ्र सहायता अनुग्रह राशि उपलब्ध कराने का दिया निर्देश
मंगलवार की सुबह तक मुन्ना सिंह का शव बरवां गांव पहुंचने की संभावना
छपरा/एकमा/सारण। बीते सात फरवरी को उत्तराखंड के चमोली जिले में ग्लेशियर टूटने से हुई भीषण जलजले की त्रासदी में तपोवन बिजली प्रोजेक्ट में कार्यरत दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरवां नाथा सिंह के टोले के निवासी 46 वर्षीय मुन्ना सिंह का शव 13 दिन बाद रेस्क्यू ऑपरेशन के द्वारा बरामद होने के बाद से ही परिजनों में चित्कार व चीख-पुकार मची है।
सोमवार को महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल मृतक मुन्ना सिंह के परिजनों से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना दिया। साथ ही उन्होंने हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाया।
इस मौके पर सांसद ने आपदा प्रबंधन के अधिकारियों से फोन करके बात की। उनके द्वारा मिलने वाली सहायता राशि को अविलंब दिलाने कि बात कही।
वहीं सरकार से पीड़ित परिवार को अविलम्ब आवास योजना व आपदा अनुग्रह राशि मुहैया कराने की बात कही। इस बीच परिजनों ने बताया कि मुन्ना सिंह का शव एम्बुलेंस वाहन से पैतृक गांव लाया जा रहा है। मंगलवार की सुबह तक शव बरवां गांव पहुंचने की संभावना है।
इस मौके पर सांसद के साथ जय किशोर सिंह, मांझी पूर्वी के मंडल भाजपा अध्यक्ष उमा सिंह, ददन सिंह, छोटू सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।




Recent Comments