◆ त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
तरैया, सरण। थाना क्षेत्र के चांदपुरा गांव में मंगलवार को तार के पेड़ से डेमखो व फल उठाने के विवाद में हुए गोलीकांड के मामले में तरैया थाने में सात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। गोलीकांड में मैनेजर महतो की मृत्यु हो गई थी। अपने बड़े ससुर की मौत के बाद उनकी पुत्रवधू पूनम देवी ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए सात लोगों को नामजद की है। जिसमें विकास महतो, राकेश महतो, ओम प्रकाश महतो, जयप्रकाश महतो, उर्मिला देवी, साबिर मियां व गीता देवी को आरोपित किया है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि मंगलवार की सुबह प्रतिदिन की भांति अपने दरवाजे पर बैठी थी की अचानक तेज हवा के कारण उसके घर के सामने तार के पेड़ से दो डेमखो व फल गिरा। यह देखकर प्रह्लाद महतो दौड़कर फल उठाने लगे। तब तक दोनों फल को मैनेजर महतो व सोनू महतो उठाकर अपने दरवाजे पर रख लिए। इसी बात पर कहासुनी होने लगी। तब तक जयप्रकाश महतो व विकास महतो ने मैनेजर महतो अनिल महतो व सोनू महतो को गोली मार दी। गोली लगने से मैनेजर महतो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस बीच उर्मिला देवी ने तलवार की वार से सुविन्द महतो को घायल कर दिया। सभी लहूलुहान होकर तार के पेड़ के नीचे पड़े हुए थे। इस बीच उर्मिला देवी ने अपने किराना की दुकान में आग लगा दी। पूनम देवी ने आरोप लगाया है कि ये सभी व्यक्ति पूर्व नियोजित ढंग से भूमि विवाद को लेकर पिस्तौल व तलवार से वार कर उसके बड़े ससुर की हत्या कर दिए तथा अन्य लोगों को गंभीर रूप से जख्मी कर दिए। इधर पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए राकेश महतो, जयप्रकाश महतो व ओमप्रकाश महतो को गिरफ्तार कर बुधवार को छपरा जेल भेज दिया। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।




Recent Comments