गोपालगंज :बरात जा रहे दो युवकों की सड़क दुर्घटना में मौत
बैकुंठपुर ( गोपालगंज ) :25/02/18
स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच 90 पर रविवार देर संध्या को भीषण सड़क दुर्घटना में बरात जा रहे दो युवकों की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। बतादें कि बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के कृतपुरा बंगरा गांव से टुनटुन महतो के पुत्र की बरात महम्मदपुर थाना क्षेत्र के झझवां में जा रही थी।जिसमें शामिल होने जा रहे बंगरा गांव के ही सुरेश महतो के पुत्र धीरज कुमार एवं सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र स्थित मेथौरा गांव निवासी मुकेश कुमार एवं मिथलेश कुमार एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, कि रास्ते में पकड़ी मोड़ एवं दिघवादुबौली के बीच दिघा टोला गांव के समीप एसएच 90 पर पश्चिम दिशा की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो गाड़ी से टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार मुकेश कुमार एवं मिथलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं धीरज जीवन और मौत से जूझ रहा है। हादसे के बाद सुनसान रास्ते एवं अंधेरे का फायदा उठाकर बोलेरो गाड़ी वाला भागने में सफल रहा। बाद में राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े हादसे के शिकार युवकों पर पड़ी।जिन्होंने घटना की सूचना स्थानीय थाने में दी। वहीं सूचना पाकर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार, एसआई बमबहादुर चौधरी एवं एएसआई रेयाज अहमद दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। जहां से आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक धीरज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैकुंठपुर पहुंचाया। जहां उसका इलाज चल रहा है। साथ ही मृत युवकों के शव को अपने कब्जे में लेकर फरार बोलेरो गाड़ी के बरामदगी के लिए छानबीन की जा रही है। उक्त बोलेरो गाड़ी की भी किसी बरात में शामिल होने जाने की संभावना जताई जा रही है।