ज़िला आइकन ने कई गाँवों में पदयात्रा कर लोगों को किया सावधान



कुमुद रंजन सिंह
हिलसा( नालंदा) क़ोरोना वायरस के ख़िलाफ़ लगातार जारी अपने जंग को तेज़ करते हुए आशुतोष कुमार मानव ने अपने सहयोगियों के साथ विभिन्न गाँवो में पदयात्रा के माध्यम से जागरुकता अभियान चलाया. इस दौरान उन्होंने कावा, जैतीपुर, बंशीविगहा, बिसकुरवा, चंदौत , जैतपुर टोला, पासवान टोली के ग्राम वासियों को घर में रहते हुए जंग जीतने के लिए प्रेरित किया तथा क़ोरोना के इस दौर में ख़ासकर बच्चों एवं नौजवान वर्ग से संयम बरतने की अपील की. इस क्रम में जैतीपुर गाँव की गलियों में हर दरवाज़े तक वे पहुँचे तथा लौक डाउन का सख़्ती से
पालन करने अनुरोध करते हुए ख़ासकर गुटखा, खैनी खाकर समूह में ताश खेलने वालों को चेताया.ग्रामीण युवाओं को जागरुक करते हुए ज़िला यूथ आइकन श्री मानव, सामाजिक कार्यकर्ता रूपेश पटेल आदि ने कहा कि क़ोरोना जैसी भयानक संक्रामक बीमारी से बचने का एक मात्र उपाय सामाजिक दूरी बनाकर रहना है जिसका पालन सभी को ज़रूर करना चाहिए. नशा करके जहाँ तहाँ थूकने से भी यह बीमारी तेज़ी से फैल रही है. उन्होंने बिना वजह बाहर घूम रहे कुछ बच्चों को फटकार भी लगाई तथा उनके अभिभावकों को सचेत किया. इस दौरान समाजसेवी श्री पटेल ने भी लोगों से कुछ दिनो तक संयम बरतने की अपील की. आशुतोष कुमार मानव ने कहा कि अपने आसपास के ग़रीब लोगों पर भी नज़र रखनी चाहिए ताकि उन्हें अपेक्षित राहत मिल सके. पीड़ित मानव की सेवा से बढ़कर न कोई धर्म है ना ही कोई पूजा. इस अभियान के तहत लोगों को क़ोरोना से बचने के लिए कई तरह की अद्यतन जानकारियाँ दी गयीं जिसका व्यापक असर देखा गया.