मशरख व एकमा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, गड़खा के स्वास्थ्य प्रबंधक एवं मकेर के सीडीपीओ से स्पष्टीकरण

छपरा। जिलाधिकारी डॉ. निलेश रामचन्द्र देवरे के द्वारा समाहरणालय सभागार में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा के क्रम में उपस्थित प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी एवं सभी सीडीपीओ को निर्देश दिया गया कि कोविड टीकाकरण के कार्य में व्यक्तिगत रूची लेकर शत प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करें। प्रथम चरण में जिन लोगों को टीका लगाना है उनसे फोन पर बात कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित करावें। जिलाधिकारी के द्वारा समीक्षा में जहॉं भी इसमें कमी पायी गयी वहा के पदाधिकारियों के विरूद्ध स्पष्टीकरण करने का निर्देश दिया गया। इस क्रम में मशरख एवं एकमा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, गड़खा के प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक एवं मकेर के सीडीपीओ से स्पष्टीकरण किया गया तथा सीडीपीओ मकेर का वेतन भी बंद करने का निर्देश दिया गया क्योंकि वहाँ पर आई.सी.डी.एस. कर्मियों का टीकाकरण अपेक्षाकृत कम पाया गया। कोविड टीकारण के मामले में दरियापुर में अच्छी उपलब्धि पर जिलाधिकारी ने वहाँ की टीम वर्क की प्रसंशा की। बैठक में जिलाधिकारी को बताया गया कि जिले में 31 जनवरी से पल्स पोलियो का ड्रॉप अभियान चलाकर पिलया जाएगा। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस अभियान में कोविड प्रोटाकाल का अनुपालन सुनिष्चित कराया जाय और सभी टीम को हैण्ड सैनिटाइजर, मास्क एवं गलब्स उपलब्ध करा दिया जाय। जिलाधिकारी के द्वारा इस अभियान में सभी सीडीपीओ को पूर्ण सहयोग करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कर दिया कि इसमें किसी की अनुपस्थिति को कड़ायी से लिया जाएगा और उसका उस दिन वेतन अवरूद्ध कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी के द्वारा एक सप्ताह के अंदर सभी आशा का इन्सेन्टिव भुगतान कर देने का।निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने नियमित टीकाकरण और पूर्ण टीकाकरण की भी समीक्षा की और इसमें शत प्रतिशत उपलब्धि प्राप्त करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि टीकाकरण के अभियान में ड्यू लिस्ट भी बनाया जाय। आशा के सहयोग से सभी ए0एन0एम0 ड्यू लिस्ट बनाएँगी और सभी सीडीपीओ इसका अनुश्रवण करेंगी। बैठक में उपस्थित सभी अंचलाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्रत्येक शनिवार के थानों पर होने वाली भूमि विवाद की सुनवाई की कार्रवाई आरटीपीएस के पोर्टल पर नियमित रूप से अपलोड करावे। बैठक में जिलाधिकारी के साथ सिविल सर्जन, उप विकास आयुक्त, डीआईओ, एसएमओ, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, एमओआईसी, बीएचएम एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।