ऐलान : तरैया विधानसभा चुनाव क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे युवराज सुधीर 

इसुआपुर(सारण)।
प्रखण्ड के केरवां, छपिया तथा गम्हरिया गांवों में चौपाल लगाकर वाईपीएल के संयोजक व राजद के कद्दावर नेता पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के भतीजे युवराज सुधीर सिंह ने लोगों की समस्याएं सुनी। इस मौके पर उन्होंने तरैया विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने की भी बात कही। वहीं युवराज ने कहा कि उन्होंने विगत 13 वर्षों से तरैया की जनता की नि:स्वार्थ भाव से सेवा की है। बाढ़ की विभीषिका हो या कोरोनावायरस महामारी। मैंने हर आपदा व विपदा के समय जरूरतमंदों की मदद की है। खेल के माध्यम से भी युवाओं के सबसे करीब रहा हूं। जिससे युवाओं का साथ, बुजुर्गों का आशीर्वाद तथा असहाय व गरीबों की दुआ मेरे साथ है। जिनकी बदौलत मैंने तरैया का नेतृत्व करने का संकल्प लिया है। तरैया में सभ्य समाज की नींव रखना, विकास के मामले में अन्य विधानसभा से पिछड़े तरैया में विकास की गति में तेजी लाना, जात- पात की राजनीति से ऊपर उठकर जमात की राजनीति करना मेरा मुख्य उद्देश्य है। इस मौके पर प्रखण्ड प्रमुख पति अजय राय, पूर्व प्रमुख अभय सिंह, राजकुमार राय, मुखिया पति मनोज राय, बीडीसी पति चंदन सिंह, धर्म नाथ महतो, सोनू सिंह, भीम सिंह, सहित सैकड़ों लोग थे।