काजीपुर के लाल को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित, खेल नीति के तहत सब इंस्पेक्टर पद पर दे रहे सेवा
डोरीगंज(सारण)। जापान के आइची-नागोया में आयोजित एशियन गेम्स की सेपक टाकरा स्पर्धा में भारतीय टीम के साथ शानदार प्रदर्शन कर कांस्य पदक जीतने वाले काजीपुर निवासी बॉबी कुमार ने सारण का नाम राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर बिहार सरकार ने भी उन्हें सम्मानित किया है।पटना स्थित लोकसेवक भवन में मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह एवं बॉबी की मां मंजु देवी की मौजूदगी में उन्हें प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि बॉबी कुमार ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से देश के साथ-साथ बिहार का गौरव बढ़ाया है।
काजीपुर गांव निवासी मुन्ना उपाध्याय एवं मंजु देवी के पुत्र बॉबी कुमार ने एशियन गेम्स की सेपक टाकरा स्पर्धा के क्वाड मुकाबले में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया। प्रतियोगिता में भारत ने वियतनाम, लाओस और म्यांमार की टीमों को पराजित करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया।
खेल प्रतिभा के साथ पुलिस सेवा में भी योगदान
बॉबी कुमार वर्तमान में राज्य सरकार की खेल नीति के तहत सब इंस्पेक्टर के पद पर सेवा दे रहे हैं। खेल के मैदान में देश का प्रतिनिधित्व करने के साथ पुलिस सेवा में योगदान देना उनकी उपलब्धि को और खास बनाता है।
बॉबी की सफलता की खबर गांव पहुंचते ही काजीपुर सहित आसपास के क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय सरपंच प्रतिनिधि एवं समाजसेवी रजनीश कुमार, मंतोष कुमार, प्रमुख प्रतिनिधि रामएकबाल चौरसिया, अजय भूषण, अरविंद कुमार सिंह समेत अन्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




Recent Comments