मांझी। दाउदपुर थाना क्षेत्र के बरवां नया टोला में आग लगने से एक किसान के करीब एक सौ धान के बोझे जल कर राख हो गए। वहीं धूप में सूखाने के लिए डाले गए गर्म कपड़े भी जल गए। मिली जानकारी के अनुसार दिनेश सिंह ने धान की कटनी करा कर अपने मकान के बगल में बोझे इकट्ठे कर रखे थे। तभी दोपहर में अचानक उसमें आग लग गई। आग की उठती लपटें देख कर कुछ लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। उसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। लपटें इतनी तेज थी कि बुझाने वालों के पसीने छूट रहे थे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक बड़े पैमाने पर नुकसान हो चुका था। किसान दिनेश सिंह ने सहायता स्वरूप मुआवजे की मांग की है। आगलगी में नुकसान की सूचना विभागीय अधिकारी व कर्मी को दे दी गई है।