
10 दिन पहले पैतृक गांव मुबारकपुर आए थे शैलेंद्र, सड़क हादसे में गई जान
दैनिक खोज खबर/एकमा (सारण)। एकमा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नेशनल हाईवे-531 पर शुक्रवार को एक अनियंत्रित 18 चक्का वाले ट्रक ने बाइक सवार शख्श को रौंद दिया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त मांझी थाना क्षेत्र के मुबारकपुर गांव निवासी स्व. बबन सिंह के पुत्र शैलेंद्र कुमार सिंह (40) के रूप में की गई है। हादसे को अंजाम देकर ट्रक चालक वाहन समेत छपरा की ओर फरार हो गया।प्रत्यक्षदर्शियों व परिजनों ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर शैलेंद्र कुमार सिंह बाइक से अपनी ससुराल बनियापुर थाना क्षेत्र के भूमिहारा जा रहे थे। इसी दौरान एकमा हाई स्कूल के पास सिवान से छपरा की ओर जा रहे अज्ञात अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक से कुचलने के कारण हेलमेट पहनने के बावजूद उनके सिर में गंभीर चोट आई और घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई। वारदात की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची एकमा थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है।वारदात की जानकारी पाकर एकमा सीएचसी में पहुंचें मृतक के ससुर योगेंद्र सिंह व नजदीकी रिश्तेदार/साढ़ू गंजपर गांव निवासी शिक्षक योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शैलेंद्र कुमार सिंह महाराष्ट्र के पुणे में मैकेनिकल वर्कशॉप चलाते थे और लगभग 10 दिन पहले ही अपने पैतृक गांव मुबारकपुर स्थित मकान की मरम्मत के लिए आए थे। शुक्रवार को ही उन्हें दरभंगा-पुणे एक्सप्रेस से पुणे लौटना था। परिजनों ने बताया कि शैलेंद्र चार भाईयों में सबसे छोटे थे। उनकी पत्नी नूतन देवी और तीन छोटे बच्चे क्रमशः सन्नी (8), शिक्षा (6) व संस्कार (4) पुणे में ही रहते हैं।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ससुराल व पैतृक गांव के लोग एकमा सीएचसी परिसर में पहुंच गए। वहीं पुलिस निरीक्षक सह एकमा एकमा थानाध्यक्ष उदय कुमार ने मृतक के दस्तावेजों के आधार पर परिजनों को वारदात की सूचना दी।उधर इस हृदयविदारक घटना ने समाज को झकझोर दिया है। पूर्व मंत्री गौतम सिंह, एकमा विधायक श्रीकांत यादव, पूर्व मुखिया डॉ. राहुल प्रकाश सिंह, पूर्व प्रमुख प्रतिनिधि राकेश कुमार सिंह उर्फ सीटी सिंह, नगर पंचायत एकमा बाजार के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि दीपक राज, शिक्षक कमल कुमार सिंह, सत्येंद्र राय, डॉ शशि भूषण शाही, योगेश कुमार सिंह, राष्ट्रीय एथलीट विकास सिंह राठौर, जन सुराज नेता विकास कुमार सिंह आदिसहित कई जनप्रतिनिधियों ने परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन से पीड़ित परिजनों को समुचित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।




Recent Comments