इसुआपुर में झंडा मेला शांतिपूर्ण संपन्न
इसुआपुर(सारण):प्रखण्ड का प्रसिद्ध महावीरी अखाड़ा सह झंडा मेला शांतिपूर्ण संपन्न हो गया ।

डेढ़ दर्जन से अधिक गांवों से अखाड़ा जुलुस हाथी-घोड़े व गाजे-बाजे के साथ प्रखण्ड मुख्यालय बाजार इसुआपुर पहुंचे । जहां निर्धारित स्थलों पर लगे अखाड़ों में लोगों ने गदका ,ढ़ाल-तलवार , लाठी-भाला जैसे पारंपरिक हथियारों से अपने रणकौशल का प्रदर्शन किया । वहीं कलाकारों व तमाशवीनों ने विभिन्न हैरतअंगेज करतब दिखाए ।

रात्रि में आधा दर्जन आर्केष्ट्रा पार्टियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए । जो अगले दिन सुबह तक चलता रहा । अचितपुर , इसुआपुर , बिशुनपुरा , आतानगर -नागराज-सतासी-बेला तथा पुरसौली के अखाड़ों के मंचों पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान कलाकार अपनी प्रस्तुति से एक दूसरे से आगे निकल जाने की होड़ में लगे रहे । मेले में इसुआपुर पीएचसी तथा सुशीला होमियो केयर के चिकित्सकों द्वारा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया था । पूर्व में इसुआपुर अखाड़े का उदघाटन जदयू नेता शैलेन्द्र प्रताप सिंह तथा पूर्व विधायक जनक सिंह ने संयुक्त रूप से किया । वहीं अचितपुर , बिशुनपुरा , आतानगर तथा पुरसौली अखाड़े के मंचों का उदघाटन जदयू नेता शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने किया । मेले में आमंत्रित अमनौर विधायक शत्रुघ्न तिवाड़ी उर्फ़ चोकर बाबा को भी सम्मानित किया गया। मौके पर मुखिया सरोज गिरी उर्फ संगम बाबा, राज किशोर सिंह सहित दर्जनों गणमान्य जनप्रतिनिधि भी थे।