इसुआपुर में अलग-अलग घटनाओं में दो की मौत 

                      इसुआपुर(सारण) : थाना क्षेत्र के अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई। जिसमें हंकारपुर गांव के 65 वर्षीय यमुना राय की मौत बिजली के करंट लगने से हो गई।वे मंगलवार की सुबह शौच के लिए निकले थे कि लुंज पुंज लटके बिजली के नंगे तार की चपेट में आ गए। जिन्हें गंभीर स्थिति में पंचायत के मुखिया धनंजय पांडेय के सहयोग से  ग्रामीणों द्वारा इलाज के लिए सीएचसी इसुआपुर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुखिया ने आर्थिक तौर पर सहयोग किया। साथ ही हर संभव मदद करने का भरोसा दिया। वहीं पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। मृतक के दो पुत्र प्रदेश से बाहर मजदूरी करते हैं। वहीं भतीजा सफल राय ने इसुआपुर थाने में एफआईआर दर्ज कराया है। जिसमें घटना के बारे में जानकारी दी गई है। वहीं चाचा को कम दिखाई देने की भी बात कही गई है। जिससे उन्हें तार दिखाई नहीं दिया तथा वे करंट की चपेट में आ गए।               

वहीं इसुआपुर व्यापार मंडल के पास छपरा- सत्तरघाट मुख्य सड़क पर मोटरसाइकिल सवार सहाजीतपुर थाना क्षेत्र के छितौनी गांव के राजदेव सिंह के 24 वर्षीय पुत्र दीपक कुमार सिंह की मौत वाहन दुर्घटना में हो गई। उन्हें किसी अज्ञात वाहन ने ठोकर मार दी। जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए। स्थानीय लोगों द्वारा उन्हें निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां से उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। वहां से गंभीर स्थिति में उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।