इसुआपुर/सारण
प्रखंड के दर्जनों गांव में अत्यधिक जलजमाव होने से भारी तबाही मची हुई है.हजारों एकड़ धान तथा मकई के फसल डूब गए हैं. प्रखण्ड के पंचायत के टेढ़ा गांव के वाड् नम्बर 13,14 तथा 15 में जल जमाव के वजह से पानी घरों में घुस गया है जिससे सैकड़ो परिवार प्रभावित हैं वहीं मवेशियों के चारे का संकट उत्पन्न हो गया है.वैसे तो अतिवृष्टि से प्रखंड की पूरी आबादी कुप्रभावित है. लेकिन प्रखंड के निचली सतह पर बसे फेनहरा, छपियां, गोविंदापुर, बिसवां, अफजलपुर, टेढ़ा, केरवां समेत दर्जनों गांव जलमग्न हो गए हैं. सबसे अधिक तबाही फेनहारा तथा गद्दी टोला गांवों में है. ये गांव चारों तरफ से पानी से घिर गए हैं.लोगों के घरों के चौखट तक पानी पहुंच गया है। मवेशियों को बांध व ऊंचे स्थानों पर रखे जा रहे हैं. वहीं उनके रखरखाव तथा चारे का संकट भी उत्पन्न हो गया है. मसरख तथा बनियापुर की तरफ से भी पानी का बहाव इसुआपुर प्रखंड में होने तथा उसकी निकासी नहीं होने से प्रखंड के लोगों के बीच जान माल का डर बना हुआ है.वहीं सैकड़ों एकड़ में लगे धान तथा मकई के लहलहाते फसल बर्बाद हो गए हैं। कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, रघुवंश सिंह दादा, नसरुल्लाह मियां व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं की संयुक्त टीम ने गांवों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. वहीं प्रशासन से मवेशियों के चारे की व्यवस्था करने तथा फसलों की क्षतिपूर्ति के लिए आर्थिक सहायता करने की मांग की है.