
मांझी(सारण)। क्रिकेट मैच को लेकर सोमवार को हुई मारपीट की घटना से आक्रोशित कोहड़ा बाजार के व्यवसायियों ने मंगलवार को भी अपनी अपनी दुकानें बंद रखी तथा डीआईजी अथवा एसपी को बुलाने पर अड़े रहे। इस बीच मंगलवार को लगभग 3 बजे सदर डीएसपी एमपी सिंह ने कोंहड़ा बाजार पहुंच कर दुकानदारों व ग्रामीणों से बात-चीत कर मामले का हल निकालने का भरपूर प्रयास किया परन्तु दुकानदार व स्थानीय ग्रामीण मानने को तैयार नही हुए। लोगों ने दाउदपुर थाना पुलिस के खिलाफ शिकायतों का अंबार लगा दिया और थानाध्यक्ष को सस्पेंड करने की मांग करते रहे। लोगों ने कई धंधेबाजों के नाम का भी खुलेआम जिक्र किया। क्षेत्र में जिनका नेटवर्क काम करता है। लोगों का कहना था कि धंधेबाज शराब की खुलेआम विक्री कर रहे हैं। घटना के बाद भी पुलिस कोई कार्रवाई नही करती। बाद में एसडीओ ने भी पहुंच कर स्थिति की जानकारी ली और लोगों को समझाना चाहा। इंस्पेक्टर मंजू कुमारी सिंह का प्रयास भी विफल रहा। लोग नही माने। उनका कहना था कि असमाजिक तत्वों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे कुछ भी कर सकते हैं। पुलिस के साथ उनका उठना- बैठना जारी है। व्यवसायियों का कहना है कि जब तक विभागीय स्तर पर सख्त कार्रवाई नही की जाती और सभी दोषियों को गिरफ्तार नही किया जाता तबतक वे अपनी दुकानें बंद रखेंगे। उधर पटना इलाज में पहुंचे दो युवकों में शामिल जुनैद की स्थिति गम्भीर बताई जा रही है। वहीं मोहताब खां का इलाज सदर अस्पताल छपरा में चल रहा हैं।




Recent Comments