मांझी। मांझी के ताजपुर से एकमा को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को ठेकेदार द्वारा अर्ध निर्मित अवस्था में छोड़े जाने तथा बेतहाशा धूल उड़ने से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को विरोध मार्च निकालने की चेतावनी दी है। सारण के डीएम को दिए गए हस्ताक्षरित ज्ञापन में यह कहा गया है कि सम्बन्धित ठेकेदार द्वारा लगभग एक वर्ष पूर्व उक्त सड़क को खोदकर उसपर मिट्टी डाल दी गई। तथा उसकी पीचिंग नही की गई। सड़क किनारे के ग्रामीणों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा मिट्टी डालने के बाद सड़क निर्माण कार्य को अधूरा छोड़ दिया गया। यही नही खोदी गई सड़क पर उड़ रही धूल से सुरक्षा हेतु लोगों के लाख आग्रह के बावजूद ठेकेदार पानी तक नही डालता। इस वजह से आसपास के घरों के लोग व राहगीर उड़ रही धूल से बेहद परेशान हैं। नाराज ग्रामीणों द्वारा शुक्रवार को प्रस्तावित शांतिपूर्ण विरोध मार्च को लेकर गुरुवार को सरयू पार शिव मंदिर परिसर में पृथ्वी नाथ सिंह उर्फ अलगू सिंह की अध्यक्षता में स्थानीय ग्रामीणों की एक बैठक भी आयोजित की गई।