• भीषण गर्मी में घंटों कतार में लगे उपभोक्ता, पुलिस के हस्तक्षेप के बाद हटा जामदैनिक खोज खबर/रसूलपुर (एकमा)। रसोई गैस की भारी किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं का सब्र आखिरकार टूट गया. रसूलपुर चट्टी स्थित भारत गैस एजेंसी कार्यालय के सामने एनएच-531पर शनिवार को सुबह से कतार में लगे उपभोक्ताओं ने खाली सिलेंडर बीच सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया. सुबह 10:30 बजे से शुरू हुआ यह प्रदर्शन 11:30 बजे तक जारी रहा, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. बुकिंग के 15 दिन बाद भी नहीं मिल रही गैस: आक्रोशित उपभोक्ताओं ने बताया कि उन्होंने हफ़्तों पहले बुकिंग करा ली थी, लेकिन गैस एजेंसी संचालक द्वारा सिलेंडर नहीं दिया जा रहा है. रानी देबी एक महिला जो कतार में खड़ी थीं ने रोते हुए कहा, घर में गैस खत्म हो गई है, बच्चे भूखे हैं, चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हैं. एजेंसी पर आते हैं तो कहते हैं गाड़ी नहीं आई है.कालाबाजारी का गंभीर आरोप :प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि 2800/ से 3000/ रूपए तक गैस की कालाबाजारी की जा रही है, जिसके कारण आम ग्राहकों को समय पर गैस नहीं मिल रही है.एक अन्य उपभोक्ता कृष्णा कुमार साह ने बताया, एजेंसी के गोदाम के अंदर सिलेंडर होने के बावजूद बाहर नहीं दिए जा रहे हैं. हमें मजबूरी में महंगे दामों पर गैस सिलेंडर की खरीदगी या फिर लकड़ी या इंडक्शन का सहारा लेना पड़ रहा है.प्रशासन की चुप्पी पर गुस्सा :लोगों का आरोप है कि जिला प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या से अनजान बना हुआ है. सड़क जाम के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा.पुलिस के आने के बाद हटा जाम :घटना की सूचना पाकर रसूलपुर की थाना पुलिस व 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाने का प्रयास किया. पुलिस ने एजेंसी मालिक से बात करने और जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोग सड़क से हटे और यातायात सामान्य हुआ. सुत्रों की मानें तो विगत पांच दिनों से गैस गोदाम पर गैस की गाड़ी आयी हीं नहीं है. उधर एजेंसी संचालक एजेंसी कार्यालय में ताला मारकर फरार थे जिससे उपभोक्ताओं का गुस्सा फुट पड़ा.वहीं एजेंसी संचालक विनीत कुमार सिंह ने सभी आरोपों को खारिज कर कहा है कि तीन हजार उपभोक्ताओं की बुकिंग कंफर्म है जिन्हे गैस की आपूर्ति करानी है और यह तभी संभव है जब लगातार दस गाड़ी सिलेंडर की आपूर्ति कराया जाय.