अटल जी की याद और उनके साथ बिताए गये पले हृदय की समृति पटल पर अटल रहेगी – राजीव प्रताप रुडी
#पटना में सर्वदलीय प्रार्थना सभा का हुआ आयोजन
छपरा (सारण): 21 अगस्त, 2018 । हमारे मार्गदर्शक रहे अटल बिहारी वाजपेयी जी की याद और उनके साथ बिताए गये पल हृदय की स्मृति पटल पर अटल रहेगी। वाजपेयी जी एक पिता की तरह, एक अभिभावक की तरह दिशा निर्देशित करते थे। उनकी शालीनता व उनके नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता अद्वितीय थी। मंगलवार को पटना में आयोजित सर्वदलीय प्रार्थना सभा में सम्मिलित होने पहुंचे सारण लोकसभा क्षेत्र के सांसद राजीव प्रताप रुडी ने भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी को याद करते हुए अपने उक्त भावों को व्यक्त किया। श्रद्धांजली सभा में राज्यपाल सत्यपाल मलिक, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, विधानसभा अध्यक्ष विजय चौधरी, विधान परिषद के कार्यकारी सभापति हारूण रशीद, लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविलास पासवान, रालोसपा प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के अलावा केंद्रीय मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री मंगल पांडेय, नन्द किशोर यादव , राणा रणधीर, प्रमोद कुमार, के के ऋषि, बृज किशोर बिंद, विजय कुमार सिन्हा,रामनारायण मंडल, जय कुमार सिंह समेत सभी राजनेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।
पंचतत्व में विलीन होने के बाद भारतीय राजनीति के पुरोधा अटल बिहारी वाजपेयी जी की श्रद्धांजली सभा का आयोजन देशभर में हो रहा है। इसी के तहत बिहार भाजपा की ओर से मंगलवार को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में एक सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। प्रार्थना सभा में सभी दलो के राजनीतिज्ञ व कार्यकर्ता सम्मिलित हुए। प्रार्थनासभा में सर्वधर्म के प्रतिनिधि, हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई, जैन, बोद्ध और पारसी धर्म गुरुओं, श्रद्धालुओं ने अटल जी का श्रद्धांजली दी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद रुडी ने कहा कि तीन बार देश के प्रधानमंत्री रहे वाजपेयी जी लोकप्रिय राजनेता के साथ कुशल प्रशासक भी रहे। आर्थिक मोर्चे पर उन्होंने कई ऐसे कदम उठाए, जिससे देश की दशा और दिशा बदल गई।