दैनिक खोज खबर/मस्तीचक/सारण/बिहार/- पूर्वी भारत के सबसे बड़े सुपर स्पेशलिटी नेत्र अस्पताल अखंड ज्योति आई हॉस्पिटल, मस्तीचक परिसर में आज दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का सफलतापूर्वक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माननीय शिक्षा मंत्री, बिहार सरकार श्री सुनील कुमार एवं GIC India के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक श्री नारायणन रामास्वामी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सम्मानित अतिथियों में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस सिद्धार्थ एवं अपर मुख्य सचिव, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग डॉ. एन विजयलक्ष्मी भी शामिल थीं।

इस भव्य कार्यक्रम के दौरान 800 किलोवाट क्षमता वाले अत्याधुनिक सौर ऊर्जा संयंत्र का शुभारंभ किया गया, जो अखंड ज्योति के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) को पूर्णतः ग्रीन एनर्जी पर संचालित करेगा। इस संयंत्र से प्राप्त वार्षिक आर्थिक बचत के माध्यम से हर वर्ष 5000 से अधिक जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क आँखों की सर्जरी उपलब्ध कराई जाएगी। यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण के प्रति अखंड ज्योति की गंभीर प्रतिबद्धता दर्शाती है, जो आने वाले वर्षों में संस्थान के सभी सर्जिकल और विज़न सेंटरों को सौर ऊर्जा से संचालित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

कार्यक्रम में गायत्री कुंज परिसर में 200 बेड वाले नए बालिका छात्रावास का भी उद्घाटन किया गया। यह छात्रावास अखंड ज्योति के प्रतिष्ठित “फुटबॉल टू आईबॉल गर्ल्स एजुकेशन प्रोग्राम” के अंतर्गत 200 ग्रामीण बेटियों को शिक्षा, ऑप्टोमेट्री प्रशिक्षण एवं रोजगार प्रदान करेगा। प्रत्येक छात्रा प्रति वर्ष लगभग 8000 मरीजों के नेत्र स्क्रीनिंग और उपचार प्रक्रिया में महत्वपूर्ण योगदान देगी।

GIC India के उदार CSR सहयोग से निर्मित इन दोनों परियोजनाओं के उद्घाटन अवसर पर GIC के वरिष्ठ अधिकारी महाप्रबंधक श्रीमती जयश्री बालकृष्णन, उप महाप्रबंधक श्री मुकेश वाघेला और सहायक महाप्रबंधक श्रीमती स्नेहा नायर उपस्थित थे।

अखंड ज्योति के CEO एवं एक्जीक्यूटिव ट्रस्टी श्री मृत्युंजय तिवारी ने संस्थान के Vision 2030 लक्ष्यों के बारे में बताया, जिसके अंतर्गत अगले 5-6 वर्षों में 20 लाख नेत्र सर्जरी, 1.25 करोड़ लोगों की गाँव स्तर पर स्क्रीनिंग, 4 लाख वार्षिक सर्जिकल क्षमता एवं 1500 ग्रामीण लड़कियों के सशक्तिकरण की योजना है।

इस महत्वपूर्ण आयोजन पर अखंड ज्योति के प्रबंध ट्रस्टी श्री अतुल कुमार एवं क्लिनिकल एवं रिसर्च एडवाइजरी बोर्ड के चेयरमैन डॉ. राजवर्धन आजाद ने संस्थान की उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला।

यह दोनों परियोजनाएं अखंड ज्योति की बिहार को राष्ट्रीय मानकों तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाती हैं। संस्था ने बिहार सरकार के सहयोग एवं अपने उच्च गुणवत्ता के सिद्धांतों के साथ, राज्य में आँखों के स्वास्थ्य सेवाओं को निरंतर विकसित करने का संकल्प लिया है।

कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन से हुआ, जिसमें श्री अतुल कुमार ने सभी विशिष्ट अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित जनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।