सारण :पुलिस ने किया भेल्दी पीएनबी लूट कांड का उद्भेदन, दो अन्य मामले में राजापाकड़ में तो एक डेरनी से गिरफ्तार किए गए 

दैनिक खोज खबर ब्यूरो सारण 
अमनौर /सारण 
भेल्दी के पीएनबी लूट कांड के एक सप्ताह के भीतर पुलिस ने उद्भेदन कर इसमें शामिल अपराधियों को गिरफ्तार किया. बैंक लूट कांड को बड़ी चुनौती मानते हुए सारण एसपी के निर्देश पर मढौरा एएसपी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में छः थाना के थानाध्यक्ष को मिलाकर  स्पेशल टीम का गठन किया गया था. अनुसंधान के क्रम में वैशाली जिले के राजापाकड़ थाना क्षेत्र से पकड़े गए दो अपराधियों के स्वीकारोक्ति के आधार पर डेरनी थाना क्षेत्र से संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया. जिसके पास से पुलिस ने लूट कांड में इस्तेमाल किए गए बाइक के साथ 13500 रुपये नगद बरामद किया.मढौरा एएसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि 23 मार्च को वैशाली जिले के राजापाकड़ थाना क्षेत्र में एक राहगीर से रुपये लूट कर भाग रहे दो अपराधी क्रमशः अवतार नगर थाना क्षेत्र के रामगढवा निवासी मुन्ना राय तथा डेरनी थाना क्षेत्र के छोटू पंडित को ग्रामीणों ने दबोच लिया गया था. जिसकी सूचना मिलते ही गठित स्पेशल टीम को राजापाकड़ थाना भेजा गया. जहाँ पकड़े गए दोनों अपराधियों से पूछताछ में पता चला कि भेल्दी बैंक लूट कांड में भी इन सभी का हाथ था. दोनों के स्वीकारोक्ति पर छापेमारी कर डेरनी से संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया. गिरफ्तार संजय सिंह ने स्वीकार किया कि उक्त बैंक कांड योजना हाजीपुर में बनायी गयी थी. इसमें छः अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया था. घटना के बाद सभी ग्रामीण सड़क से गरखा पहुंचे तथा वहीं से इतर-वितर हुए. एएसपी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि सभी अपराधी सातिर दिमाग के हैं. घटना के बाद सभी अपराधियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए थे. वैशाली जिले में पकड़े गए दोनों अपराधियों को यहां के पुलिस रिमांड पर लेगी. पकडे़ गए तीनों अपराधियों का पहले से अपराधीक रिकॉर्ड है तीनों पहले भी जेल जा चुके हैं. बाकी बचे अपराधियों की धर पकड़ हो रही है जल्द ही गिरफ्तार किये जाएंगे.