सऊदी अरब को एटम बम चाहिए!
खबरें देश विदेश ः अब्दुल मुत्तलिब रज़ा 
एक अंतर्राष्ट्रीय इंस्टीट्यूट ने रिपोर्ट दी है कि सऊदी अरब ईरान के कथित ख़तरे से मुक़ाबले के लिए एटम बम हासिल करने की कोशिश कर रहा है।
एक्सप्रेस न्यूज़ की वेबसाइट के अनुसार इंटरनैश्नल साइंस एंड सिक्योरिटी इंस्टीट्यूट ने अपनी ताज़ा रिपोर्ट में बताया है कि सऊदी अरब ने परमाणु कार्यक्रम के बारे में अनुसंधान तेज़ कर दिया है। इस रिपोर्ट के अनुसार सऊदी अरब ने परमाणु वैज्ञानिकों की एक टीम गठित कर दी है। इस इंस्टीट्यूट ने कहा है कि सऊदी अरब एक नए खिलाड़ी के रूप में इस बात की कोशिश कर रहा है कि अपने आपको नए हथियारों की टेक्नाॅलोजी से लैस कर ले और इसी लिए उसने परमाणु क्षेत्र में अपनी कार्यवाहियां तेज़ कर दी हैं। परमाणु हथियारों के प्रसार से संबंधित मामलों पर नज़र रखने वाली इस संस्था ने बताया है कि सऊदी अरब परमाणु मैदान के आरंभिक चरण में है और उसने ईरान से मुक़ाबले के लिए तेज़ी से परमाणु संपन्नता के लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं।
 
सऊदी अरब ने इससे पहले कहा था कि वह कम से कम 16 परमाणु संयंत्र बनाना चाहता है। इंटरनैश्नल साइंस एंड सिक्योरिटी इंस्टीट्यूट ने अपनी ताज़ा रिपोर्ट में हालांकि इस बात का उल्लेख किया है कि अभी एेसा कोई प्रमाण नहीं मिला है जिससे सिद्ध हो कि सऊदी अरब ने गुप्त परमाणु कार्यक्रम शुरू कर दिया है लेकिन वह एेसा करने की कोशिश कर रहा है और इसमें उसे बरसों लग सकते हैं। आरंभिक चरण में वह रूस और दक्षिणी कोरिया जैसे देशों से परमाणु कलपुर्ज़े और आवश्यक मशीनें प्राप्त कर सकता है। इस प्रकार की रिपोर्टें भी हैं कि सऊदी अरब ने किसी गुप्त क्षेत्र में परमाणु वैज्ञानिकों को पहुंचा दिया है और वे वहां पर असैन्य परमाणु कार्यक्रम पर काम कर रहे हैं।