अपराधियों ने एक महिला की हत्या कर शव शहर से सटे रघुनाथपुर में धनौती नदी किनारे बगीचे में फेंक दिया। शव को बरामद कर पुलिस पोस्टमार्टम कराने में जुटी है। महिला के शव की पहचान नहीं हो पायी है। महिला के साथ दुष्कर्म कर हत्या किये जाने की बात भी कही जा रही है। जिसका खुलासा पोस्टमार्टम से ही हो पाएगा।
बताया जाता है कि धनौती नदी किनारे माली भगत के बगीचा के छोर पर शुक्रवार की अहले सुबह एक महिला के शव को ग्रामीणों ने देखा। महिला के बदन पर कई जगह नाखून के निशान थे। महिला की उम्र करीब 25 वर्ष होगी। शव को देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। शव मिलने से इस इलाके में सनसनी फैल गयी ।
रघुनाथपुर ओपी प्रभारी बीके सिंह ने बताया कि गले में दुपट्टा से फंदा डाल कर हत्या करना प्रतीत होता है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही दुष्कर्म के बारे में पता चलेगा। उन्होंने बताया कि पहचान के लिए शव को सदर अस्पताल में रखा गया है।




Recent Comments