महिलाओ के हाथों में लट्ठ देख दारू का ठेकेदार भाग छूटा
राकेश फौजदार
भरतपुर 22 अप्रैल। राजस्थान के भरतपुर में शराब ठेकों का विरोध जारी है। शहर के ब्रिगेडियर घासीराम नगर में एक देशी शराब के ठेके के खोले जाने के विरोध में महिलाएं हाथों में लाठियां लेकर ठेके पर पहुंच गई व लाठियों से शराब की दुकान को तोड़ने लगी और विरोध करते हुए जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर मथुरागेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझााने का प्रयास किया। इसी बीच महिलाओं के विरोध को देखते हुए शराब ठेकेदार वहां से भाग गया। शराब ठेके के खोले जाने की शिकायत लोगों ने कांग्रेस के विधायक विश्वेन्द्र सिंह से की तो वो भी मौके पर पहुंच गए और लोगों की शिकायत सुनकर उसे जायज ठहराया साथ ही ठेके का विरोध करते हुए कलक्टर और आबकारी विभाग के डीईओ से फोन पर बातकर ठेके को वहां से हटाने की मांग की जिस पर कलक्टर ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। विरोध प्रदर्शन कर रही महिलाओं के अनुसार शराब की दुकान से शराब पीकर लोग महिलाओं व लड़कियों से छेड़खानी करते है। महिलाओं का कहना है कि वे किसी कीमत पर यहां शराब के ठेके को नहीं चलने देंगी।




Recent Comments