भ्रूण लिंग जांच के आरोप में आगरा से महिला चिकित्सक नर्स और दलाल गिरफ्तार 

राकेश फौजदार  
भरतपुर 6 अप्रेल। राज्य पीसीपीएनडीटी प्रकोष्ठ ने बुधबार को भ्रूण लिंग जांच के आरोप में उत्तरप्रदेश के आगरा से एक महिला चिकित्सक, एक नर्स और दो दलालों को गिरफ्तार किया है। प्रकोष्ठ की टीम इन चारों आरोपियों को लेकर भरतपुर पहुची है। राज्य समुचित प्राधिकारी पीसीपीएनडीटी एवं स्वास्थ्य सचिव नवीन जैन ने बताया कि आरोपियों को भरतपुर की पीसीएनडीटी कोर्ट में पेश किया जाएगा।गिरफ्तार आरोपियों में एक दलाल राजस्थान के धौलपुर का रहने बाला है।गिरफ्तार आरोपियों के नाम आगरा में फिरोजाबाद रोड पर स्थित विद्या नर्सिंग होम की 55 वर्षीय स्त्रीरोग विशेषज्ञ डाॅ0 विद्या गुप्ता, 30 वर्षीय नर्स पनोरमा, 44 वर्षीय दलाल रामकिशोर यादव और धौलपुर निवासी 40 वर्षीय दलाल प्रभुदयाल बताये गए है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पंजीकृत पोर्टेबल सोनोग्राफी मशीन भी जब्त कर ली है। जैन ने बताया कि पीसीपीएनडीटी दल को लगातार तीसरे प्रयास में इन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार करने में सफलता मिली। भ्रूण लिंग जांच के लिए दलालो के जरिये 30 हजार रुपए में सौदा तय किया गया था। डिकाॅय राशि के तीस हजार रुपए भी बरामद कर लिए गए। इस पूरे आपरेशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पीसीपीएनडीटी रघुवीर सिंह, सीआई सीताराम, डालचंद, देवेंद्र, राजेंद्र, दौसा के जिला पीसीपीएनडीटी समन्वयक मुनेन्द्र शर्मा, भरतपुर के प्रवीण कुमार, धौलपुर के पंकज शुक्ला, अलवर के अब्दुल गफ्फूर, जयपुर प्रथम की बबीता, जयपुर द्वितीय की मनीषा शर्मा और दौसा के आईडीएसपी के डाटा प्रबंधक अमित राठौड़ की घेराबंदी काबिले तारीफ रही। गौरतलब है कि टीम ने 64वीं डिकॉय कार्रवाई करते हुए यूपी में पांचवीं और अंतर्राज्यीय 13वीं कार्रवाई को अंजाम दिया है।