शहीद का सामान किया परिजनों के सुपुर्द
राकेश फौजदार 
भरतपुर 3 अप्रेल। राजस्थान में करौली के आंधियाखेड़ा गांव निवासी शहीद विकास कुमार सिंह के सामान का बक्सा लेकर सोमवार को उसके साथी सेना के जवान पैतृक गांव पहुंचे तो घर व गांव का माहौल गमगीन हो गया। गौरतलब है कि 44 आरआर राजपूत रेजीमेंट के सिपाही विकास कुमार गत 22 फरवरी को जम्मू कश्मीर में शहीद हो गए थे। इस अबसर पर साथी जवानों ने उसके बक्से में रखे सामान को परिजनों को सुपुर्द किया। शहीद विकास कुमार सिंह का बक्सा लेकर सूबेदार मेजर शिवचरण सिंह, सिपाही देवी सिंह, सिपाही सुरेश सिंह, सिपाही भरत सिंह गांव आंधियाखेड़ा में शहीद के घर पर पहुंचे तो शहीद के पिता मोहन सिंह, मां रामनरी, पत्नी रामराजी देवी को बक्सा खोल कर उसमें रखे कपड़े, जूते, बैल्ट, मोबाइल आदि सामान के साथ पर्स में रखे 10 हजार रुपए पिता को सुपुर्द किए। इनको देखकर परिजन सहित उपस्थित गांव के पंच पटेलों की आखे नम हुए बिना नही रह सकी।