देश के सवा सौ करोड़ लोगो को लेना होगा गंदगी ना फैलाने का संकल्प :नरेन्द्र मोदी
अदीब शैफी
हरिद्वार 3 मई। जिले में स्थित पतंजलि अनुसंधान संस्थान व हर्बल पार्क के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सवा सौ करोड़ लोग संकल्‍प लें ‘मैं गंदगी नहीं करुंगा’। बोले, रामदेव का संकल्‍प और समर्पण उनकी सफलता की जड़ी-बूटी है।
इससे पहले उन्‍होंने उत्तराखंड के राज्यपाल केके पाल, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, आचार्य प्रदुम्न का अभिवादन किया। पीएम ने कहा कि मेरा सौभाग्य था कि केदारनाथ जाकर बाबा का दर्शन मिला और आपसे आशीर्वाद पाने का। कहा मुझे पता नहीं था, बाबा ने सरप्राइज दे दिया। इस सम्मान (राष्‍ट्रऋषि) के लिए बाबा रामदेव और पतंजलि योगपीठ के प्रति आभार जताया।
इतिहास काल में हम छाए थे पूरे विश्व में
मोदी ने कहा कि कहा जब सम्मान मिलता है तो लोगों की अपेक्षाएं बढ़ जाती है। कहा गुरुजी ने डू एंड डन का पूरा दस्तावेज रख दिया है। कहा मुझे खूद से अधिक देश के सवा सौ करोड़ लोगों पर भरोसा है। आपके बीच आया हूं तो आपके परिवार का सदस्य बनकर। कहा मेरा सौभाग्य है कि स्वामी रामदेव को निकट से देखने का अवसर मिला। उनका संकल्प और संकल्प पर खरा उतरने का जज्बा असली जड़ी-बूटी है। पीएम मोदी ने कहा इतिहास काल में हम पूरे विश्व में छाए थे। इसलिए हमारे ऋषि मुनियों की परंपरा को मिटाने का काम किया गया। आजादी के बाद हमें अपनी परंपरा और श्रेष्ठताओं को निखारने का काम होना चाहिए था, लेकिन नहीं हुआ। कहा अब भुलाने का वक्त नहीं है, हमें अपने श्रेष्ठ को पूरे दुनिया में स्थापित करना है।
बाबा रामदेव ने योग और आयुर्वेद को पूरे विश्व में किया स्थापित
पीएम मोदी ने कहा पूर्वजों ने नई नई खोज में अपना समय खपाया, लेकिन जबसे रिसर्च कम हुआ तो देश की छवि कमजोर हुई, लेकिन युवाओं ने आइटी के क्षेत्र में रिसर्च से पूरी दुनिया का ध्यान खींचा है।