सड़क दुर्घटना में छात्र की मौत , शोक में डूबा गांव
मांझी। (सारण)। थाना क्षेत्र के रनपट्टी निवासी संजय सिंह के 18 वर्षीय पुत्र गोलू कुमार की सड़क दुर्घटना में हुई मौत से पूरा गांव शोक में डूबा है। गांव के लोग होनहार युवक की असामयिक मौत से स्तब्ध हैं। दरवाजे पर भारी भीड़ जुटी है। सब लोग उसके पिता के गुजरात से आने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। मालूम हो कि कल देर शाम छपरा में प्रैक्टिकल का कॉपी जमा कर अपने एक दोस्त के साथ पटना लौटने के क्रम में बाइक की टक्कर हो गई और अपने साथी महफूज के साथ गोलू भी गम्भीर रूप से घायल हो गया। छपरा सदर अस्पताल से बेहतर उपचार के लिए पटना ले जाने के क्रम में रास्ते में ही गोलू की मौत हो गई। शव के घर पहुंचते ही मृतक की शिक्षिका मां संगीता कुमारी व दादा अवकाश प्राप्त शिक्षक समेत अन्य परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे। दरवाजे पर उपस्थित अन्य लोग भी अपना आंसू नही रोक पाये। मृतक दो भाइयों में बड़ा था तथा पटना रहकर सीबीएससी के माध्यम से इंटरमीडिएट की तैयारी कर रहा था। देर रात तक उसका दाह संस्कार सम्पन्न होगा।