$ सोनपुर में नमामि गंगे के तहत होगी नई जल निकासी की व्यवस्था
$सांसद रुडी गुरूवार को एनबीसीसी, बुडको के अधिकारियों समेत निर्माण स्थल का करेंगें निरीक्षण
ऽ 30 करोड़ 93 लाख की मिली स्वीकृति
ऽ नमामि गंगे परियोजना के तहत बनेगा नया ड्रेनेज

सोनपुर(सारण), 29 अगस्त, 2018। विश्व स्तर पर प्रसिद्ध सोनपुर को अब जलजमाव से अब पूरी तरह मुक्ति मिलेगी। इसके लिए स्थानीय सांसद सह संसदीय जल संसाधन स्थायी समिति के अध्यक्ष राजीव प्रताप रुडी के प्रयास से अब यहां कारगर जल निकासी की व्यवस्था होने वाली है। उन्होंने बताया कि देश के कई राज्यों में चल रही नमामि गंगे परियोजना के तहत सोनपुर में 30 करोड़ 93 लाख की लागत से नया ड्रेनेज व्यवस्था की जायेगी। इसकी स्वीकृति मिल गई है। अब इसका कार्यारंभ भी शीघ्र ही होगा। योजना के तहत रेलवे कॉलोनी, पहाड़ीचक, जल विहार कॉलोनी, आफिसर्स कॉलोनी, लकड़ी चौक का क्षेत्र, मीना बाजार का एरिया, हरिहरनाथ मंदिर, दुधैला बाजार, बाबा नाथ मंदिर, सिद्धनाथ चौक, डीआरएम कार्यालय इत्यादि स्थानों पर इण्टरसेप्ट नाला का निर्माण कराया जाना है। इसके पश्चात एक मुख्य नाला का निर्माण कर इन सभी नालियों को उससे जोड़ा जायेगा। इसके लिए श्री रुडी ने समय समय पर लिए केन्द्रीय मंत्री श्री नितिन गड़करी से मुलाकात की और उन्हें यह समझाया कि सोनपुर के लिए यह योजना क्यों महत्वपूर्ण है।
श्री रुडी ने बताया कि अपने क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने सोनपुर के शहरी क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति देखी। सोनपुर नगर पालिका के लोगों भी निरंतर इस विषय को उनके संज्ञान में लाते रहे। उन्होंने कहा कि इस परियोजना को सोनपुर में लागू करने के पीछे एक प्रमुख कारण यह भी है कि यहां अन्तरराष्ट्रीय स्तर के मेले का आयोजन होता है। उन्होंने बताया कि यहां प्राचीन ग्रंथों में वर्णित गज ग्राह्य युद्ध भूमि पर निर्मित प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र मंदिर में पूरे विश्व के लोग आते है। इस परियोजना के मूर्तरूप लेने के पश्चात देश विदेश से आने वाले पर्यटकों को भी सुविधा मिलेगी, उन्हें जलजमाव की समस्या नहीं झेलनी पड़ेगी। विदित हो कि श्री रुडी संसदीय जल संसाधन स्थायी समिति के अध्यक्ष भी है जिसके अन्तर्गत ये योजना भी आती है। श्री रुडी इस कार्य के लिए निरंतर प्रयासरत रहे है और उन्हीं के प्रयासों का ही परिणाम है कि अंततः एक बड़ी स्वीकृति सोनपुर नगर पालिका एवं उसके निकटवर्ती क्षेत्रों के लिए कराया है जो अपने आप में ऐतिहासिक है। शहरी विकास की इतनी बड़ी योजना आज तक सोनपुर में कभी नही आया। सांसद श्री रुडी गुरूवार को एनबीसीसी, बुडको के अधिकारियों समेत निर्माण स्थल का निरीक्षण भी करेंगे।
सोनपुर में नमामि गंगे परियोजना के तहत ड्रेनेज निर्माण के लिए 30 करोड़ 93 लाख की राशि स्वीकृत हुई। इस सन्दर्भ में आज नई दिल्ली में बैठक हुई। बैठक के दौरान संसदीय जल संसाधन स्थायी समिति के अध्यक्ष राजीव प्रताप रूडी, हितेश मकवाना, कार्यकारी निदेशक, नमामि गंगे, उपेंद्र प्रसाद सिंह, सचिव, जल संसाधन , नदी विकास राजीव रंजन मिश्रा, डीजी, नमामि गंगे थे।




Recent Comments