डिप्टी सीएम गुरुवार को ग्रामीण जलापूर्ति योजना का करेंगे लोकार्पण

छपरा (सारण) ।डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी गुरुवार, 30 अगस्त को सारण आयेंगे। डिप्टी सीएम जिला में कार्यान्वित नीर निर्मल परियोजना के तहत निर्मित चार एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। उक्त जानकारी सारण से लोकसभा के सदस्य राजीव प्रताप रुडी ने मंगलवार को दी। श्री रुडी ने बताया कि विश्व बैंक, भारत सरकार एवं राज्य सरकार सहायतित नीर निर्मल परियोजना के लिए राज्य में दस जिलों का चयन हुआ था, जिसमें सारण का भी स्थान था। डिप्टी सीएम इसी योजना के तहत महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र में तरैयां के सतजोड़ा और पचरौर तथा सारण लोकसभा क्षेत्र में परसा के फिरोजपुर और शीतलपुर के बस्तीजलाल में जलापूर्ति योजनाओं का लोकार्पण करेंगे। विदित हो कि सन 2014 में ग्राम पंचायत के चयनित गांव में पाईप जलापूर्ति द्वारा गृह संयोजन के माध्यम से प्रत्येक घर-परिवार को शुद्ध जल उपलब्ध कराने के लिए नीर निर्मल योजना की शुरूआत की गई थी।
गुरुवार को सारण लोकसभा क्षेत्र के बस्तीजलाज मे 255.09 लाख और फिरोजपुर में 114.57 लाख तथा महाराजगंज लोकसभा क्षेत्र के सतजोड़ा में 258.21 लाख और पचरौर में 143.01 लाख की लागत वाली योजना का लोकार्पण होना है। लोकार्पण कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी के साथ बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य इंजीनियरिंग विभाग के मंत्री विनोद नारायण झा, सांसद राजीव प्रताप रुडी, सांसद श्री जनार्दन सिंह सिग्रीवाल व जिले के सभी विधायक, विधान पार्षद समेत सभी जन प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
श्री रुडी ने बताया कि परियोजना हेतु क्रियान्वित की जाने वाली विभिन्न योजनाओं में ग्राम पंचायत व उनकी स्थाई समितियों की महती भूमिका होती है। इसी के मद्देनजर इस योजना को पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से कार्यान्वित किया गया। इसके तहत सारण जिले के 20 पंचायतों को प्रथम फेज में चयनित किया गया था। इस योजना को सफल बनाने में मुखिया की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। सभी घरों में पाईप लाइन से जलापूर्ति करना है। इसके लिए सभी घरों में कनेक्शन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नीर निर्मल परियोजना के तहत सारण जिले में कुल 21 योजनाएं स्वीकृत हुई थी। जिसमें दस योजनाओं को एकमा आगमन के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा उद्घाटन कर दिया गया। सांसद ने बताया कि उनका लक्ष्य सारण के हर घर को स्वच्छ जलापूर्ति का है। इसके लिए केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं के अलावा सांसद निधि की योजना भी यहां क्रियान्वित है। ज्ञात हो कि सारण लोकसभा क्षेत्र में सांसद श्री रुडी के स्थानीय सांसद विकास निधि से पंडित दीनदयाल उपाध्याय सांसद जलापूर्ति योजना का भी कार्यान्वयन सभी प्रखण्डो मे हो रहा है।
डिप्टी सीएम गुरुवार को ग्रामीण जलापूर्ति योजना का करेंगे लोकार्पण




Recent Comments