
इस व्यवस्था को सुधारने की दरकार, अब तो समझिए सरकार
बदहाली के सातवें वर्ष में अग्रसर है एकमा नगर पंचायत
एकमा नगर पंचायत की सड़कों पर चलना हुआ मुश्किल
—
विनीत कुमार, श्रीनारद मीडिया, एकमा
—
हाल के दिनों में यदि आप एकमा नगर पंचायत की सड़कों से गुजरे हो तो आपको ये जरूर समझ आया होगा कि हाल के इन वर्षों में एकमा कितना बदला है। आप ये समझ पाए होंगे कि एकमा की इन सड़कों पर चलना कितना मुश्किल है।
और जब आप सड़क पर कर गए हो तो निश्चित तौर पे अपने इष्टदेव को धन्यवाद दिया होगा।
खैर ये तो इस बार के मॉनसून की शुरुआत के पहले का नजारा है। अभी तो पूरी बरसात बाकी है, बरसात में क्या होगा इसका अंदाजा आप सहज लगा सकते हैं।
कोई सुनता नही, कहे तो किससे
—
एकमा नगर पंचायत के वार्डवासियों की व्यथा ये है कि उनकी कोई सुनता नही। मांझी रोड के एक दुकानदार ने बताया कि एकमा नगर पंचायत का चुनाव हाल ही में हुआ था। वोट मांगने कई आये सबने कहा कि जीत जाएंगे तो एक माह के भीतर सड़क व नाला बनवा देंगे। करीब 6 माह बीत गए अब कोई हाल समाचार भी पूछने नही आता सड़क तो दूर की बात है।
कई लोगो ने बताया कि कई बार वार्ड पार्षद से कहा गया मगर अब तक आश्वासन के अलावे कुछ नही मिला।
सांसद व विधायक भूले एकमा की राह
—-
एकमा मांझी मुख्य मार्ग पर ही एक शख्स मिले। उनसे उनकी व्यथा के बारे में पूछा तो बोले कि कोई फायदा नही है कुछ बोलने का। हमने कारण पूछा तो बोले कि जब से इस सड़क को देख रहा हूं तब से ये बिल्कुल ऐसी ही है।
उन्होंने कहा कि एकमा के विधायक व क्षेत्र के सांसद तो जैसे इधर का रास्ता ही भूल गए हैं। किसी को इस समस्या से कोई लेना देना नही है। बस हम एकमा के लोग जी रहे हैं इस बदहाली में।
जलजमाव का क्या है कारण
—
एकमा मांझी मुख्य मार्ग पर नाले का निर्माण नही होना जलजमाव का मुख्य मार्ग कारण है। इस मार्ग पर रेलवे गुमटी के पास नाले का निर्माण हुआ भी है मगर वो मस्जिद तक आकर खत्म हो जाता है।
लोगों ने अपने घर के सामने मिट्टी डालकर चौखट ऊंचे कर लिये हैं जिस कारण जलनिकासी हो नही पाती और जलजमाव रहता है।
अब इस बदहाली की आदत हो गयी है
—-
एकमा मांझी मुख्य मार्ग पर कई ऐसे लोग मिले जिन्होंने कहा कि अब हमें इस बदहाली की आदत पड़ गयी है। आदत है, रोज का आना जाना है सो बच कर निकाल जाते हैं। आगे ईश्वर की कृपा है कि सड़क पर कोई हादसा नही होता।
शैलेन्द्र कुमार कहते है कि अब तो ऐसा लगता है जैसे प्रशासन भी किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहा है।
बोले सांसद
—
“मांझी बरौली पथ एनएच में परिवर्तित हो गया है। एनओसी मिलते ही इस सड़क पर काम शुरू हो जाएगा जिसके बाद जलजमाव की समस्या खत्म हो जाएगी।
स्थानीय लोगो को कोई समस्या न हो इसका हरसंभव प्रयास मैं करूंगा।”
जनार्दन सिंह सिग्रीवाल
सांसद, महराजगंज लोक सभा




Recent Comments