सारण, 28 फरवरी 2021 । राज्य के मुख्य सचिव दीपक कुमार के अवकाशप्राप्त करने पर सारण सांसद सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी ने उनके कार्यकाल विविध पहलुओं को याद किया और उन्हें जीवन की नई पारी की शुरूआत करने के लिए बधाई दी। रुडी ने कहा कि अपनी मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठता से केंद्र व राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में उन्होंने जो देश के विकास में अपना योगदान दिया वह अविस्मरणीय है और दूसरे नौकरशाहों के लिए मार्गदर्शन का काम करेगा। सांसद ने बताया कि सारण के विकास में भी दीपक कुमार का सहयोग निरंतर मिलता रहा है। उनके सहयोग के कारण ही भविष्य में कई बड़ी योजनाएँ कार्यरूप में परिणत होंगी।
सांसद रुडी ने कहा कि दीपक कुमार ने बक्सर, औरंगाबाद, पूर्वी चम्पारण, गोड्डा, नालंदा, रोहतासए हजारीबाग, वैशाली और पूर्णिया के जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग, पर्यटन विभाग, गृह विभाग से लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण में काम किया। अपनी कार्यकुशलता से उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक मानक स्थापित किया है। राज्य के सबसे बड़े प्रशासनिक पद मुख्य सचिव के पद पर उनके परिश्रम ने उनको पहुंचाया।
सांसद रुडी ने दीपक कुमार को इस पद से अवकाश ग्रहण करने के दिन उनके स्वास्थ्य और आनंदपूर्ण जीवन की कामना करते हुए राज्य के विकास में उनकी नई पारी के लिए शुभकामनाएँ दी और आशा व्यक्त किया कि दीपक कुमार की नई शुरूआत बिहार की जनता के लिए निश्चय ही विकास भरा होगा। उक्त आशय की जानकारी पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चौहान ने दिया।