सऊदी अरब में शिया मुहल्ले के विध्वंस पर राष्ट्र संघ की चेतावनी
खबरें देश विदेश ः अब्दुल मुत्तलिब रज़ा 
संयुक्त राष्ट्र संघ के रिपोर्टरों ने सऊदी अरब से मांग की है कि वह शिया बाहुल्य 400 साल पुराने एक मुहल्ले को ध्वस्त करने का कार्यक्रम तुरंत बंद करे।
अलमसूरा मुहल्ला, पूर्वी सऊदी अरब के क़तीफ़ प्रांत के अवामिया क्षेत्र में स्थित है और सऊदी अरब इस क्षेत्र के विकास के कार्यक्रम के बहाने इस शिया बाहुल्य मुहल्ले को तोड़ना चाहता है। राष्ट्र संघ के विशेषज्ञों ने सचेत किया है कि अगर इस मुहल्ले को तोड़ा गया तो यहां के एेतिहासिक व सांस्कृतिक अवशेषों को एेसा नुक़सान पहुंचेगा जिसकी भरपाई संभव नहीं होगी। उनका कहना है कि इस कार्यक्रम से क्षेत्र के दो से तीन हज़ार लोगों को अपने घर-बार और कार्य स्थल को छोड़ कर जाना होगा। अलमसूरा पूर्वी सऊदी अरब में एक बड़ा पुराना मुहल्ला है जिसमें मस्जिदें, इमामबाड़े, खेत, बाज़ार और व्यापारिक केंद्र मौजूद हैं और पुरातन अवशेषों में रुचि रखने वाले लोग यहां पर बड़ी संख्या में आते हैं।
 
सांस्कृतिक अधिकारों के मामलों में संयुक्त राष्ट्र संघ की विशेष रिपोर्टर करीमा बनून ने कहा कि यह क्षेत्र न केवल कि यहां के वासियों और अवामिया के सभी लोगों के लिए अहम है बल्कि यह सऊदी अरब की सांस्कृतिक और एेतिहासिक धरोहर भी है। उन्होंने कहा कि विध्वंस का यह कार्यक्रम, क्षेत्र की बेजोड़ धरोहर को एेसा नुक़सान पहुंचा सकता है जिसकी क्षतिपूर्ति संभव नहीं होगी।